आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करने के बाद कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की कवायद शुरू हो गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इस बार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया को पूरी तरह से बदल दिया गया है। इसके लिए कॉलेजों को 23 दिसंबर तक शिक्षकों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।
परीक्षा समय सारिणी जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। 282 परीक्षा केंद्र निर्धारित करने के बाद अब कक्ष निरीक्षक तैनाती की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। परीक्षा प्रभारी उमाकांत यादव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को इस बार और पारदर्शी कराने के लिए परीक्षार्थियों की निगरानी के लिए तैनात होने वाले कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी अब ऑनलाइन लगाई जाएगी। जिले के राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों में तैनात शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों का डेटा बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। संवाद