आजमगढ़ जिले के मंदूरी बाजार के पास मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 4.10 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश कप्तानगंज की तरफ भाग गए। सूचना पर अधिकारी भी पहुंचे और लुटेरों की तलाश शुरू हो गई, लेकिन देर शाम तक उनका सुराग नहीं मिला।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के चेवता गांव निवासी हरिश्चंद्र मौर्या चेवता बाजार में भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता है। वह सहारा, एलआईसी समेत अन्य प्राइवेट बीमा कंपनियों का एजेंट भी है। मंगलवार की सुबह साढ़े 11 बजे वह एसबीआई जेहरा पिपरी से 4.10 लाख रुपये निकाल कर बाइक से लौट रहा था।
वह मंदुरी बाजार के पास पहुंचा था कि एक बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया और असलहा सटा कर रुपये भरा बैग लूट कर भाग गए। पीड़ित ने घटना के बाबत कंधरापुर थाने पर तहरीर दे दी है। एसपी सिटी कमलेश बहादुर सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लुटेरों की तलाश में स्वाट टीम के साथ ही सीओ और एसओ की टीम लगा दी गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।