वाराणसी। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जनता की दुश्वारियां बढ़ गईं। गलियां और सड़कें कीचड़ से सनी हुई हैं। कई इलाकों में फिसलन जैसी स्थिति हो गई। कूड़े का उठान प्रभावित होने के साथ ही शहर में दूषित जलापूर्ति की समस्या भी बढ़ गई हैं।
मुख्य सड़कों को छोड़ दिया जाए तो हर तरफ दुश्वारियां दिख रही हैं। सबसे ज्यादा दुश्वारियां नगरीय व ग्रामीण सीमा पर दिख रही है। हाय-तौबा मचा हुआ है। नगर निगम के प्रति लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। सबसे ज्यादा दिक्कतें पार्षदों को हो रही हैं। दूषित जलापूर्ति, कीचड़, गंदगी, खोदाई से लेकर हर तरह की समस्याओं को लेकर लोग पार्षदों के यहां पहुंच रहे हैं। उधर, सामान्य आदमी की कौन कहे, नगर निगम कर्मी पार्षदों तक की नहीं सुन रहे हैं। नगर निगम की ओर से जल निकासी की मुक्कमल व्यवस्था नहीं होने से निचले इलाकों में घर बनाये लोगों के घरों में पानी अब भी जमा होने से नारकीय स्थिति हो गई है। घरों व दुकानों में पानी घुसने से मकानों को क्षति हुई है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों बजरडीहा, सरैया, कोनिया आदि में स्थिति बेहद ही खराब है। चौकाघाट, शिवपुरवां, खजुरी-पांडेयपुर मार्ग, पांडेयपुर नई बस्ती मार्ग, तेलियाबाग, काजीपुरा, सरैया, गुरूबाग, गिरिजाघर चौराहा, नई सड़क, इंग्लिशिया लाइन में कीचड़, दूषित जलापूर्ति की समस्या है। बारिश के बाद हुए जलभराव को देखते हुए नगर निगम ने नालों की सफाई तेज करा दी है। सिगरा के पास नालों से सिल्ट निकालकर सड़कों पर रखा जा रहा था। इसी प्रकार शहर के अन्य इलाकों में नालियों से प्लास्टिक और कूड़ा निकालकर सड़क किनारे रखा गया था।