वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे से थोड़ी दूरी पर अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश कुमार निवासी मझवार (चंदौली) के रूप में हुई है। वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए त्रिलोचन महादेव (जौनपुर) जा रहा था।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बाबतपुर चौराहे से आगे एयरपोर्ट रनवे के सामने उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। इधर, मृतक के पास मिले मोबाइल से उसकी बहन को इस हादसे की सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार दो भाइयों में दिनेश कुमार छोटे थे। बड़े भाई की भी मौत आठ साल पहले सड़क हादसे में हुई थी। तब दिनेश ने अपनी विधवा भाभी से ही शादी कर ली थी। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि दिनेश पॉल्ट्री फार्म का काम कर रहे थे लेकिन कोरोना संकट काल में वह बंद हो गया था। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजन आ चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है।