Varanasi News: कार सवार पांच दोस्त पश्चिम बंगाल से स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक कर रही ट्रेलर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच दोस्तों में से एक की मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए।
माघ पूर्णिमा पर प्रयागराज में गंगा स्नान के लिए जा रहे पश्चिम बंगाल के पांच दोस्तों की कार रविवार भोर में हादसे का शिकार हो गई। गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडापुर गांव के पास एक अज्ञात ट्रेलर ने उनकी कार को पीछे से ओवरटेक करते समय दाहिनी ओर टक्कर मार दी। हादसे में कनक (32) की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, कार में बैठे युवक शनिवार सुबह अपने घर शीतलकुची जिला कूच बिहार पश्चिम बंगाल से प्रयागराज माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए चले थे। रविवार तड़के पंडापुर के पास ट्रेलर ने लापरवाही से पास लेते समय कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची चौबेपुर पुलिस घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा। रास्ते में ही कनक की मौत हो गई।
ये हुए हादसे का शिकार
घायल युवकों की पहचान परितोष, संजय, दीपांकर और मदन देवदास सभी निवासी शीतलकुची, जिला कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। कनक मछली बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। पत्नी दुलाली का रोकर हाल बेहाल था। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। हाइवे पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज को जांचा जा रहा है।