मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के जोगियापुर गांव के पास चट्टी पर गुरुवार की शाम चलती ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर लगने से कपसेठी थाना क्षेत्र के सीखड़ी गांव निवासी सकल नारायण सिंह (55) घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे से नाराज ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शव को सड़क पर रख पुलिस के आने तक चक्काजाम कर दिया। घटना के बाद मौके पर ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र अमित सिंह ने अज्ञात ट्रैक्टर एवं चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज इलाके में स्थित तुलसीपुर में मकान काम करते समय करंट की चपेट में आने से गोपी (20) की मौत हो गई है। गोपी को तत्काल वहां मौजूद लोगों ने अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया है।
मृतक शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर गांव का रहने वाला था। सूचना मिलने पर मृतक के पिता पेड़ू राम परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक अविवाहित था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चितईपुर चौराहा पर स्थित न्यू भारत बीज भंडार की दुकान पर काम करने वाले संजय जयसवाल (55) गुरुवार की शाम दुकान के दूसरे तल पर लोहे की सीढ़ी पर चढ़ रहा था। इसी दाैरान उनका पैर फिसल गया और नीचे गिरने से उनकी माैत हो गई।
दुकान के मालिक सुनील कुमार मौर्या ने बताया कि संजय पिछले चार साल से काम कर रहे थे। कुशीनगर के पडरौना खास का रहने वाला था। अपनी दामाद राजेश के घर भदैनी में रहते और वहीं से काम करने के लिए आते थे। राजेश ने ही संजय की नौकरी बीज की दुकान पर लगवाई थी।