वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर हरहुआ बाजार स्थित ओवरब्रिज के नीचे कोइराजपुर गांव के पास शनिवार सुबह बेकाबू ट्रेक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला के पुत्र की जान बाल-बाल बची। हालांकि वो गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
चौकाघाट ढेलवरिया निवासी दुर्गावती देवी (45) पत्नी रसीले मौर्या अपने बड़े बेटे अभिषेक (25) के साथ बाइक से भगतूपुर जमीन देखने जा रही थी। कोइराजपुर गांव के पास वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रहे तेजरफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार मां और बेटे सड़क पर गिर गए। ट्रक का पिछला चक्का महिला पर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर गंभार रूप से घायल बेटे ने मां का शव देखा तो अचेत हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को हरहुआ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेफर कर दिया गया। इधर हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक पर कोयला लदा था। बड़ागांव थाने की पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।