भांवरकोल थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के पूरब स्थित एक विद्यालय के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण में मिट्टी के लिए खोदे गए गड्ढे में घर से एक दिन पूर्व लापता युवक का शव शनिवार को उतराया मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम छा गया।
मिर्जाबाद निवासी गांव निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा (25) शुक्रवार सुबह से घर से गायब था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। शनिवार सुबह करीब 10 बजे भांवरकोल गांव के पूरब एक स्कूल के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण में मिट्टी निकालने के लिए खोद गए पानी भरे गड्ढे में ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराया देखा।
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसी बीच युवक का शव मिलने की जानकारी होने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और मृतक की पहचान करते हुए पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।