घटनास्थल पर जुटी भीड़ और मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले के चौरी थाना के बरदहां पाल चौराहे पर सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार बालिका की मौत हो गई। बालिका की पहचान यासमीन (11) निवासी हरिचंदनपुर के रूप में हुई है। नाराज ग्रामीणों ने भदोही-वाराणसी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सीओ के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर साढ़े तीन बजे जाम समाप्त हुआ। घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, चालक ट्रक समेत भागने में सफल रहा।
हरिचंदनपुर निवासी अब्दुल खालिक की पत्नी आशिया अपनी 11 वर्षीय बेटी यासमीन के साथ साइकिल से चौरी बाजार जा रही थीं। बरदहां पाल चौराहा पहुंचने के बाद जैसे ही यासमीन साइकिल लेकर सड़क पार करने लगी उसी दौरान वाराणसी से आ रही बालू लदी ट्रक की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को क्षत-विक्षत हालत में देख उसकी मां दहाड़े मारकर रोने लगी। यह देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और चक्काजाम कर दिए।
चक्काजाम से भदोही-वाराणसी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। थानाध्यक्ष रामदरस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन चक्काजाम हटाने में सफल नही हो पाए। सीओ भदोही प्रयांक जैन ने डिवाइडर बनवाने का आश्वासन दिया तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद दोपहर साढ़े तीन बजे जाम समाप्त हो सका। मृतक बालिका तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। वह गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छठवीं में पढ़ती थी। घटना स्थल से मौका पाकर चालक ट्रक लेकर भाग गया।