आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर स्थित जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रजादेपुर गांव के पास रविवार रात करीब दो बजे खड़े ट्रक में कार के टकरा जाने से चार नेपाली नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए। सभी गोरखपुर से कार बुक कराकर वाराणसी जा रहे थे।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद चेन्नई जाने की तैयारी थी। मरने वालों की पहचान पासपोर्ट के आधार पर हुई। परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में कार के परखचे उड़ गए।
मृतकों की पहचान गोरख (55) पुत्र सूरज बहादुर, नवीन (30) पुत्र गोरख, अंजली (27) पत्नी नवीन, उपेंद्रमान (52) पुत्र इंद्रवान के रूप में हुई है। सभी नेपाल के काठमांडू जिले के गौशाला पशुपतिनाथ थाना क्षेत्र के चाबिल गांव के निवासी थे। घायलों में नवीन की मां शकुंतला (58), चाची राजकुमारी (53) पत्नी उपेंद्र के अलावा कार चालक विजय कुमार (28) पुत्र राजेश्वर हैं।
कार चालक गोरखपुर के आदर्श नगर मुहल्ले का निवासी है। कार पर नंबर नहीं था। कार सवार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रजादेपुर गांव के पास पहुंचे थे कि चालक को झपकी लग गई। जिससे कार अनियंत्रित होकर बाई तरफ खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया, लेकिन उसकी नंबर प्लेट गिर गई थी।