पुलिस ने 15 फरवरी को अभिनव विहार कॉलोनी के पास नाले में मिले रिंकू गौड़ के शव के मामले का रविवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत खाने-पीने के दौरान हुई मारपीट में हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने शव को नाले में फेंक दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी आशिष यादव, त्रिलोकी उर्फ रिंकू (मिर्जापुर), छोटी बरताली (बिहार) गांव निवासी राकेश पांडेय और मुगलसराय थाना क्षेत्र के डहिया गांव निवासी चंदन यादव शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, चंदौली के साहबगंज थाना क्षेत्र के भूसिकृत पूर्वा निवासी रिंकू गौड़ रामनगर स्थित सुदर्शन आटा मिल में मजदूरी करता था। वहीं काम करने वाले आशीष यादव और त्रिलोकी उर्फ रिंकू के साथ खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।
इसे भी पढ़ें; यूपी कॉलेज हत्याकांड: 29 साल में हुईं 30 से ज्यादा हत्याएं, कोई माननीय तो कोई बना माफिया
विवाद के दौरान मारपीट में रिंकू गौड़ को गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने राकेश पांडेय और चंदन यादव की मदद से शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और उसे भीटी क्षेत्र के अभिनव विहार कॉलोनी के पास स्थित नाले में फेंक दिया।
15 फरवरी को पुलिस को उक्त नाले से खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दी। पुलिस ने सीडीआर और सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।