Varanasi News: विंध्याचल दर्शन करने गए रेलवे कर्मचारी के घर से नकदी समेत 50 लाख रुपये चोरी हो गए। चोर रेलवे कर्मचारी की बेटी के गोल्ड-सिल्वर मेडल भी उठा ले गए।
वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में शनिवार रात चोरों ने रेलवे कर्मचारी मनोज कुमार गुप्ता के घर को खंगाल डाला। चोरी उस समय हुई जब परिवार विंध्याचल दर्शन के लिए गया था। भुक्तभोगी के अनुसार चोर नकदी समेत करीब 50 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। उनकी बेटी समृद्धि गुप्ता तीरंदाजी की खिलाड़ी है और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी है। हाल ही में अजमेर में आयोजित प्रतियोगिता में उसने गोल्ड मेडल जीता था। चोर घर से उसके सभी गोल्ड और सिल्वर मेडल भी ले गए।
विज्ञापन
मनोज कुमार गुप्ता, जो वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर सीनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं, शनिवार रात अपनी पत्नी सुमन गुप्ता, बेटी समृद्धि गुप्ता और पुत्र समर्थ गुप्ता के साथ विंध्याचल दर्शन-पूजन के लिए गए थे। रविवार भोर में जब परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर पता चला कि चोरों ने आलमारी तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र, चेन, हार, नथिया, पैंजनी और पायल समेत लगभग 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला था।
विज्ञापन
क्या बोले अधिकारी
फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। -एसीपी संजीव शर्मा