गाजीपुर जाते समय वाहन चेकिंग में पकड़े गए दोनों
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के मऊ शहर में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने सेवानिवृत्त फौजी सहित दो लोगों को राइफल, बंदूक और 105 कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके तार नक्सलियों से जुड़े होने की आशंका जताई है। जांच के लिए स्वाट टीम के साथ दो टीमों को लगाया गया है।
क्षेत्राधिकारी नगर राजकुमार ने कोतवाली में गुरुवार को पत्र प्रतिनिधियों को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घोसी में गोली चलने की सूचना पर बुधवार को कोतवाली पुलिस बलिया मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर सवार दो लोग मय असलहा पहुंचे।
पूछताछ करने पर उनके पास से कोई कागजात नहीं मिला। पुलिस ने दोनों को थाने लाकर पूछताछ की। पता चला कि पकड़े गए व्यक्तियों में एक का नाम फुलेश्वर राम पुत्र रामकृत राम है। वह गाजीपुर जिले के बरेसर थाने के हाजीपुर गांव का निवासी है। जबकि दूसरे का नाम राजू ठठेरा पुत्र सुरेश ठठेरा है।
वह बहराइच जिले के कैसरगंज थाने के 11 सुरेती गांव का निवासी है। फूलेश्वर सेवानिवृत्त फौजी है। एक के पास से 315 बोर की फैक्ट्री मेड राइफल और 45 कारतूस मिले। दूसरे के पास से भी फैक्ट्री मेड 12 बोर की बंदूक और 60 कारतूस बरामद हुए।
इसके अलावा एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल और 300 रुपये भी मिले। पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद असलहे का कोई लाइसेंस नहीं मिला। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि इन असलहों को उन्होंने जम्मू कश्मीर से खरीदा है।