मंगलवार की बारिश शहरियों के लिए भले ही मुसीबत बनकर आई मगर यह किसानों के मुरझाए चेहरों पर चमक बिखेर गई। वाराणसी समेत समूचे पूर्वांचल में सुबह से शाम तक बूंदाबांदी होती रही।
चौबीस घंटे के दौरान मौसम का तेवर अचानक बदला और पारा लुढ़कने से कड़ाके की सर्द ने लोगों की कंपकंपी छुड़ाई। सर्द हवाओं के साथ-साथ बारिश से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है।
बुधवार को दोपहर बाद से मौसम साफ होने का अनुमान है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने चेताया है कि मौसम खुलते ही शीतलहर का दौर चलेगा। फिर ठंड और बढ़ेगी।
सोमवार को शाम की पूर्वांचल के कुछ जिलों में मामूली बूंदाबांदी हुई थी। रात होते-होते बादलों ने आसमान में घेरा जमाया और भोर से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई।
हालांकि दोपहर दस बजे के आसपास थोड़े समय के लिए मौसम साफ होता दिखा मगर घंटे भर बाद ही एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी और सर्द हवाओं के साथ बारिश का रुक-रुककर जो सिलसिला शुरू हुआ वह शाम तक नहीं थमा।
बारिश के दौरान ही धुंध इस कदर छाई कि दिन में भी सड़कों पर गाडि़यां हेडलाइट के सहारे गुजरती दिखीं। मौसम के जानकार कहते हैं कि बूंदाबांदी अभी आगे भी होगी।
बुधवार दोपहर बाद से ही मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। हालांकि मौसम साफ होने के बाद शीतलहर का दौर शुरू हो जाएगा।
बहरहाल, मंगलवार को एक बार फिर अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। चार दिनों में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम कार्यालय के अनुसार वाराणसी में छह मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है।