जम्मू-कश्मीर के कराल कृष्णा बॉर्डर पोस्ट पर तैनात बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट विजय बहादुर यादव के आत्महत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। विजय बहादुर जौनपुर जिले के मछलीशहर के गोहका गांव के निवासी थे। शव शुक्रवार की देर शाम तक घर पहुंचने की संभावना है। परिजन इसे परिजन इसे आत्महत्या नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है कि विजय बहादुर इतने कमजोर नहीं थे कि आत्महत्या कर सकें।
मां शांति देवी का कहना था कि उनका बेटा बुजदिल नहीं था, जो आत्महत्या करे। घरवाले इसे आत्महत्या मानने से इंकार करते रहे। घरवालों के मुताबिक विजय बहादुर ने मंगलवार को अपने बेटे विकास से बात की थी। बुधवार की दोपहर में पत्नी जड़ावती देवी से भी फोन पर हालचाल पूछा था। इस दौरान उन्होंने कोई परेशानी नहीं बताई। बातचीत से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वह किसी तनाव में हैं। अचानक ऐसा क्या हो गया कि उन्हें आत्महत्या करना पड़ गया।
गोहका गांव निवासी स्व.रामप्रसाद यादव के पुत्र विजय बहादुर यादव बीएसएफ की 90वीं बटालियन में असिस्टेंट कमांडेंट थे। फिलहाल उनकी तैनाती कराल कृष्णा बार्डर पोस्ट पर थी। गुरुवार की दोपहर बाद घर वालों को इसकी खबर मिली तो वह सन्न रह गए। परिवार में मां शांति देवी, पत्नी जड़ावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।