आजमगढ़ में उलमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी, उनके भतीजे हसन अम्मार और उसके घर वालों के खिलाफ शहर कोतवाली में हत्या और लाश गायब कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर गांव निवासी हामिद संजरी ने बुधवार को लिखाई। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
वर्तमान समय में हामिद नई दिल्ली के ओखला, शाहीनबाग में परिवार सहित रहते हैं। हामिद संजरी के मुताबिक उनकी साली फौजिया की शादी उलेमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी के भतीजे हसन अम्मार से हुई थी।
शादी के बाद से ही यह लोग फौजिया को प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार फौजिया ने इसकी शिकायत की तो परिजनों ने ससुरालियों से बात की। लेकिन मामला घरेलू होने की वजह से शांत हो गया।
फौजिया के घर वालों के इसी सीधेपन का फायदा उठाते हुए पिछले महीने नौ अक्तूबर को आमिर रशादी, हसन अम्मार और उसके घर वालों ने फौजिया की हत्या कर लाश को गायब कर दिया।