कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के बाद अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार से प्रदेश सरकार की गाइडलाइन के अनुसार वाराणसी के मॉल और रेस्टोरेंट खुलेंगे। उधर, कोरोना कर्फ्यू में भी दो घंटे की कमी रहेगी। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने स्थानीय स्तर पर आदेश जारी कर दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कोराना कर्फ्यू में सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक छूट रहेगी। कोविड प्रोटोकाल के अनुसार मॉल और रेस्टारेंट 50 फीसदी क्षमता के साथ खोले जाएंगे। इसके अलावा पार्क, स्ट्रीट फूड आदि के संचालन को छूट दी गई है।
शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट और माल में कोविड हेल्प डेस्क आवश्यक होगा। इसमें इंफ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर और सैनिटाइजर का प्रयोग किया जाएगा। भीड़ आदि को एकत्र नहीं होने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग करती रहेगी।
लर्निग ड्राइविंग लाइसेंस का काम सोमवार से शुरू हो जाएगा। हर दिन ऑनलाइन आवेदन कर 150 लोग अपना समय तय करके परीक्षा में शामिल हो सकेेंगे। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि जिन आवेदकों के स्लाट निरस्त किए गए हैं, उनकी धनराशि जमा है। उन्हें केवल अपने स्लॉट बुक कराने हैं। 21 जून से लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ऑनलाइन परीक्षा कराई जाएगी।