पूर्वांचल, बिहार समेत विभिन्न स्थानों से इलाज कराने बीएचयू आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। सर सुंदरलाल अस्पताल बीएचयू की इमरजेंसी में उन्हें अब और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया होंगी। पंजीयन कराने और जांच के लिए अलग-अलग विभागों में इधर-उधर भटकना नहीं होगा। अब यहां मरीजों के लिए पंजीयन और सभी तरह की महत्वपूर्ण जांच की सुविधाएं उन्हें एक छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, इमरजेंसी की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। एक महीने के अंदर इमरजेंसी के जनरल वार्ड में 60 और आईसीयू में 16 नए बेड बढ़ा दिए जाएंगे।
शनिवार को यह जानकारी सर सुंदरलाल अस्पताल के नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी भटकना पड़ता था। पंजीकरण और जांच कराने में उनका काफी समय चला जाता था। इससे मरीज की हालत और खराब हो जाती थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्हें पंजीकरण से लेकर जांच तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मुहैया होंगी। ये सुविधाएं चौबीसों घंटे जारी रहेंगी। यह व्यवस्था जल्द शुरू करने की तैयारी है। साथ ही, इमरजेंसी की भी क्षमता बढ़ाई जाएगी। अब तक 30 बेड की क्षमता है, जिसे बढ़ाकर 60 किया जाना है। इसके अलावा आईसीयू में भी 16 नए बेड बढ़ाए जाएंगे। एक महीने में इनका लाभ मरीजों को मिलना शुरू हो जाएगा।
बताया कि इमरजेंसी में मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंसाें के लिए अलग निकास द्वार बनाया जाएगा ताकि आवागमन में कहीं कोई अवरोध न होने पाए। निकास द्वार का काम शुरू हो चुका है। लेबोरेटरीज इनफारमेशन सिस्टम के जरिये संबंधित चिकित्सकों और मरीजों तक जांच रिपोर्ट की ऑनलाइन व्यवस्था होगी। यह जांच रिपोर्ट मरीजों के मोबाइल नंबर पर भी उपलब्ध कराने की योजना है। मरीजों के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से एमआरडी कार्ड भी जारी किए जा रहे हैं। इससे मरीज उपचार के लिए अग्रिम धनराशि भी जमा कर सकते हैं। अस्पताल से छुट्टी होने पर बचा पैसा उनका वापस कर दिया जाएगा। अस्पताल परिसर में मरीजों के लिए 10 स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी जल्द मुहैया होगी। बता दें कि बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना 1800 से 2000 मरीज आते हैं।
मरीज और तीमारदार अस्पताल से जुड़ी अपनी शिकायत, सुझाव या कोई सूचना विभिन्न माध्यमों के जरिये अस्पताल प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से वाट्सएप नंबर 9415336707 जारी किया गया है। ट्विटर MS SSH BHU और ई-मेल ms.ssh.bhu@gmail.com पर भी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके अलावा, फोन नंबर 0522-309259, 2309260 पर भी सूचनाएं दे सकते हैं। यह सुविधा मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए शुरू की गई है।
नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय ने बीएचयू अस्पताल की बेहतर छवि बनाने और मरीजों के बेहतर इलाज के लिए छात्रों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में बीएचयू नए मुकाम की ओर बढ़ रहा है। इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। बताया कि चिकित्सकों, छात्रों और नर्सिंग स्टाफ से बात कर मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने और सहयोग की अपील की गई है।