फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की टॉप खबरें: ट्रैक्टर ने व्यापरी को कुचला, विश्वनाथ धाम में बेहोश हुआ PAC का जवान

Sun, 20 Oct 2024 10:57 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के चोलापुर बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर ने व्यापारी को कुचल दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, काशी विश्वनाथ धाम में ड्यूटी के दौरान पीएसी का एक जवान बेहोश हो गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चोलापुर बाजार में वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर शनिवार को ट्रैक्टर ने बाइक सवार व्यापारी को कुचल दिया। हाजीपुर गांव निवासी राजिंदर राजभर (55) बाइक से वाराणसी से अपने घर की तरफ आ रहे थे। नाद नदी के पास सामने से आ रही बाइक से टकराकर वह सड़क पर गिर पड़े। उसी दौरान पीछे से आया ट्रैक्टर-ट्रॉली राजिंदर को कुचलते हुए तेजी से चोलापुर की तरफ निकल गया। 

विज्ञापन


ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
वाराणसी सिटी-गाजीपुर रेल मार्ग स्थित तरया गांव के सामने से शनिवार की शाम अधेड़ ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। चौबेपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मिल्कोपुर निवासी दयाराम राजभर (49) मजदूरी करता था। वह घर से साइकिल लेकर निकला था। इस बीच रेलवे ट्रैक तरया के पास साइकिल खड़ी की और ट्रेन के सामने कूद गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दयाराम एक रिश्तेदारी में जाने के लिए निकले थे। 

कठोर कानून व्यवस्था से व्यापारियों को हो रहा लाभ
जन कल्याण परिषद एवं अखिल भारतीय वैश्य महासमिति की ओर से शनिवार को राम कटोरा स्थित एक होटल में पूर्व राज्यमंत्री नटवर गोयल का स्वागत किया गया। इस दौरान कवि सम्मेलन एवं पंडित राम सहाय फाउंडेशन के कलाकारों की ओर से गायन, वादन और नृत्य का आयोजन हुआ। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष गंगा सहाय पांडेय ने मंत्री नटवर गोयल को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न अभिनंदन किया। मंत्री नटवर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की कठोर कानून व्यवस्था से  व्यापारियों को लाभ हो रहा है। इस दौरान अशोक सर्राफ, श्याम सेठ, अरुण, अंजली अग्रवाल मौजूद रहे।

विज्ञापन

ड्यूटी के दौरान बेहोश हुआ 
काशी विश्वनाथ धाम में ड्यूटी के दौरान एक पीएसी के जवान दिनेश प्रसाद (28) चक्कर खाकर बेहोश हो गए। वहां मौजूद अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तुरंत मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भर्ती करवाया। इसके अलावा विशाखापटनम निवासी श्रद्धालू अपला राजू (68) बाबा के गेट के पास गिर गए। 

80 फीसदी छात्रों को फेल करने का आरोप, प्रदर्शन
समाजवादी छात्र सभा ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा बोर्ड की पॉलिटेक्निक परीक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा अभ्यर्थियों को फेल कर दिया गया। इस दौरान डीएम को ज्ञापन भी सौंपा। छात्रों का कहना था कि ज्यादातर कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ऐसी ही दिक्कत हो रही है। छात्रों का उत्पीड़न किया जा रहा है। रिजल्ट सही तरीके से नहीं घोषित किए जा रहे हैं। जबरन अनुपस्थित दिखा दिया जा रहा है। इस दौरान, समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष आयुष यादव समेत कई छात्र मौजूद रहे। 

सेंट्रल ऑफिस के बाहर चादर ओढ़कर जमीन पर सोए छात्र
बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस के बाहर छात्रों का धरना लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। चैनल गेट पर लगातार 40 घंटे तक ताला लटका रहा। छात्रों ने पूरी रात सेंट्रल ऑफिस के बाहर गुजारी। चादर बिछाकर जमीन पर सोए। देर रात ठंड में कंबल में दिखे। 

वहीं, सुबह उठकर नारेबाजी शुरू कर दी। चैनल गेट पर तालाबंदी होने से कर्मचारी शनिवार को भी पीछे के रास्ते से अंदर घुसे।  विरोध पर बैठे एबीवीपी  के छात्रों ने कहा कि 19 मांगों को लेकर जब तक लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरनास्थल से नहीं उठेंगे। धरने में प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह, इकाई मंत्री भाष्करादित्य त्रिपाठी, पुनीत, पल्लव मौजूद रहे। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासन छात्रों के साथ अभद्रता और बलप्रयोग कर रहा है। यह किसी भी प्रकार से स्वीकार्य नहीं है।

दो अस्पतालों में होगी हज यात्रा पर जाने वालों की जांच
हज की यात्रा पर जाने वाले लोगों की जांच के लिए शहर में दो अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 21 अक्तूबर से फिटनेस सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा। पूर्वांचल हज सेवा समिति के महासचिव अदनान खान ने बताया कि हज यात्रा पर जाने वालों की स्क्रीनिंग के साथ ही सर्टिफिकेट जांच के बाद जारी किया जाएगा। जनता सेवा हॉस्पिटल रेवड़ी तालाब और जामिया हॉस्पिटल पीलीकोठी में स्क्रीनिंग की जाएगी। 

वीडीए ने अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त की
वीडीए की प्रवर्तन टीम ने शनिवार को जोन-5 में 3 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त की। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार ने बताया कि वार्ड-मुगलसराय चंदौली,  मौजा-पथरा में अज्ञात लोगों द्वारा अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसे प्रवर्तन टीम एवं पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त किया गया। इस दौरान अवर अभियंता पीएन दुबे मौजूद रहे। 

उधर, वीडीए की प्रवर्तन टीम ने शनिवार को जोन-1 में अर्दली बाजार,हरिहरपुर, सुद्धिपुर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण को सील किया। इसके साथ चेतावनी दी। 

वीडीए सचिव ने प्रो-पुअर परियोजना का किया निरीक्षण
वाराणसी विकास प्राधिकरण के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को सारनाथ स्थित प्रो-पुअर परियोजना का निरीक्षण किया। प्रो-पुअर परियोजना के अंतर्गत 286 वेंडर्स को कार्ट उपलब्ध कराए गए। सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने वेंडर्स को निर्देशित किया गया कि जिस क्रम में कार्ट रखे गये हैं, उसी क्रम में स्वच्छता का ध्यान रखते हुए व्यवसाय करें। 

दूसरों की मदद के लिए भी 112 मिलाएं
एक पहल अभियान के तहत शनिवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आपात सेवा 112 की सेवाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। 15 अक्तूबर से लोकगीतों और लघु नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डायल 112 प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि सिर्फ अपनी मदद के लिए नहीं बल्कि दूसरों की मदद के लिए  भी112 मिलाएं। यह अभियान 23 अक्तूबर तक चलेगा। 

सीआरपीएफ के जवान से 1.95 लाख का साइबर फ्रॉड
लोहता थाने के सरवनपुर निवासी सीआरपीएफ के जवान चंद्र प्रताप यादव को साइबर फ्रॉड ने एक लाख 95 हजार रुपये की चपत लगा दी। चंद्र प्रताप यादव के अनुसार साइबर फ्रॉड ने उनकी बटालियन का अधिकारी बन कर उन्हीं की आवाज में एक नए नंबर से फोन किया था।

साइबर फ्रॉड द्वारा बताए गए अकाउंट नंबर पर रुपये ट्रांसफर करने के बाद उन्हें शंका हुई। इस पर उन्होंने तत्काल 1930 नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। इस पर उनका कुछ पैसा तो होल्ड कर दिया गया, लेकिन एक लाख 95 हजार रुपये नहीं बच पाए। 

21 अक्तूबर को आईटीआई में कैंपस सेलेक्शन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में सोमवार 21 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी कंपनी 200 अभ्यर्थियों का चयन करेगी। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि आईटीआई पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। फिटर, वेल्डर, इंस्ट्रूमेंटेशन, टर्नर, मशीनिस्ट, एसी मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन के छात्रों को विशेष छूट दी जाएगी।

बीएचयू के प्रोफेसर विकास को मिलेगी फेलोशिप
आईएमएस बीएचयू के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. विकास अग्रवाल को प्रतिष्ठित अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी (एफएसीसी) का फेलो चुना गया है। मार्च 2025 में शिकागो में दीक्षांत समारोह में फेलोशिप मिलेगी। 

19 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से शनिवार को पिंडरा ब्लॉक में रोजगार मेले में एक कंपनी ने 19 अभ्यर्थियों को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दी। इन्हें जौनपुर में एक माह ट्रेनिंग देकर जिले में मंदिर, बैंक, कॉलोनी, ऑफिस पर नियुक्ति दी जाएगी। प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 13,500 से 22,000 तक सैलरी दी जाएगी। अगला रोजगार मेला 26 अक्तूबर को सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट पर लगेगा। सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर और ऑफिसर पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। 

इंटर एक्टिव संगोष्ठी में किया जागरूक
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शनिवार को इंटर एक्टिव संगोष्ठी का नेतृत्व प्रो. मनोज पटवर्धन ने किया। प्रबंध शास्त्र संस्थान के डीन प्रो. एसके दूबे ने अतिथि वक्ता को सम्मानित किया। सत्र का आयोजन समन्वयक डॉ. अनिंदिता चक्रवर्ती ने किया। मनोज पटवर्धन ने एक कहानी ‘एक समझदार ऊंट’ से शुरुआत की। 

एक राष्ट्र, एक चुनाव के पक्ष-विपक्ष में हुआ विमर्श
डीएवी पीजी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र मंच रिपब्लिका की ओर से शनिवार को एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव को एक साथ कराने के पक्ष और विपक्ष में तकनीकी पहलुओं के आधार पर विचार रखे। संचालन एम.ए.के सुमित सिंह और संयोजन डॉ. विकास सिंह ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति सुचरिता नंदा, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. गौरव मिश्रा, डॉ. रत्नेश यादव उपस्थित रहे। 

गोल्ड मेडल पाने वालों की उत्तरपुस्तिका ऑनलाइन हो
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कार्यपरिषद सदस्य डॉ. जगदीश सिंह ने गोल्ड मेडल पाने वालों की उत्तर पुस्तिका को ऑनलाइन करने की मांग की है। पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यपाल को पत्र भी लिखा है। पत्र में अनुरोध किया है कि गोल्ड मेडल प्राप्त छात्र/छात्राओं की सभी सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं को विवि वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए। 

क्लास से पहले स्कूलों के बच्चे करेंगे जलपान
परिषदीय स्कूलों में क्लास शुरू होने से पहले जलपान कराया जाएगा। इसके बाद वह पढ़ने जाएंगे। फिर मध्याह्न भोजन करेंगे। यह सेवा नवंबर से सप्ताह में एक दिन के लिए शुरू होने जा रही है। जलपान में सेहत को ध्यान में रख पौष्टिक आहार को शामिल किया जा रहा है। ताकि बच्चों की सेहत में सुधार लाया जा सके। बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि योजना नवंबर से शुरू होगी।

महिला पॉलिटेक्निक में 22 से स्पॉट काउंसिलिंग
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में 22 अक्तूबर से स्पॉट काउंसिलिंग होगी। इससे खाली सीटों पर एडमिशन लिया जाएगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उप्र लखनऊ ने सातवें चरण की काउंसिलिंग के बाद खाली सीटों पर एडमिशन का आदेश निकाला है।

प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि स्पॉट काउंसिलिंग 22 और 23 अक्तूबर को होगी। अभ्यर्थी 22 को सुबह 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक उपस्थित होकर पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने परिषद के 2024 की प्रवेश परीक्षा में प्रतिभाग किया है। जिन अभ्यार्थियों ने पूर्व में किसी भी संस्था में प्रवेश लिया है, वे स्पॉट काउंसिलिंग के लिए पात्र नहीं होंगे।

छोड़ो-छोड़ो डगरिया श्याम की...
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को वरुणा संध्या का आयोजन हुआ। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में आराधना विश्वकर्मा ने राग मुल्तानी में आज बधाई बरसाने में...से शुरुआत की। इसके बाद ठुमरी साजन निंदिया न आए के बाद मिश्र पहाड़ी में छोड़ो-छोड़ो डगरिया श्याम की...की प्रस्तुति दी। समापन कबीर के भजन अजब जाप भाजो जी साधो... सुनाकर मंत्र मुग्ध किया। हारमोनियम पर शनि कुमार, तबले पर गुरु पंडित अनग गुप्ता पप्पू ने संगत की। 

नीलय ने भीमपलासी में सुनाया अब तो बड़ी देर...
दीन दयाल हस्तकला संकुल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय और उपशास्त्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत कोलकाता के कलाकार नीलय शुभ्र भट्टाचार्य ने गायन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का आरंभ राग भीमपलासी विलंबित ताल में अब तो बड़ी देर... व द्रुत में जा जारे अपने मंदिरवा सुनाया। कार्यक्रम का समापन कबीर भजन जल में कुंभ व पायो जी मैंने राम रतन धन पायो...से किया। कार्यक्रम समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा व संचालन ललिता शर्मा ने किया।

विद्यार्थियों ने सीखी मुखौटा बनाने की कला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और मीरा एजुकेशन सोसाइटी की ओर से ललित कला विभाग में सात दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला के दूसरे दिन शनिवार को 72 छात्र-छात्राओं ने मुखौटा बनाने की कला सीखी। कार्यशाला में प्रशिक्षक केंद्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान के प्रो. शेरिंग डोरजे ने छात्र-छात्राओं को मुखौटा बनाना सिखाया। प्रो. डोरजे ने बताया कि मुखौटा बनाने का कार्य हमारे पूर्वज करते आ रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि मैं 11वीं पीढ़ी का सदस्य हूं, जो मुखौटा का निर्माण एवं प्रशिक्षण देता हूं। मीरा एजुकेशन सोसाइटी के सचिव हिमांशु सिंह ने बताया कि कार्यशाला के समापन पर छात्र-छात्राओं को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद, डॉ. रामराज, डॉ. मदन लाल गुप्ता, डॉ. सविता यादव उपस्थित रहे। 

नवरत्न पंकज का हुआ सम्मान
अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय में शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के राम जानकी मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ हुआ। महाराजा अग्रसेन जी की फोटो पर माल्यार्पण किया गया। प्रधानाचार्य डॉ देवेंद्र प्रताप सिंह ने हाल ही में नवरत्न से सम्मानित एलआईसी प्रबंधक पंकज अग्रवाल को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन विमल कुमार त्रिपाठी ने किया। सुशील कुमार, रवि शुक्ला, शिवशंकर यादव और अंजू मौजूद रहे। 

धैर्य, रास, आत्मसम्मान और रक्षा के प्रतीक हैं कृष्ण
साध्वी निष्ठा ने कहा कि कृष्ण ऐसे अवतार हैं जिनसे प्रेम करने वाले हर घर में मौजूद हैं। वे एक चतुर राजनेता और महायोगी भी हैं। वो एक सज्जन पुरुष हैं और ऐसे अवतार हैं जो जीवन के हर रंग को अपने भीतर समाए हुए हैं। कृष्ण धैर्य, रास, आत्मसम्मान और रक्षा के प्रतीक हैं। वह शनिवार को कोशलेश नगर नागरिक समिति और श्रीमद्भागवत कथा समिति की ओर से कोशलेश नगर पार्क में चल रही भागवत कथा के अंतिम दिन प्रवचन कर रही थीं।

कहा कि रुक्मिणी के विवाह प्रसंग को श्रद्धा से सुनने से कन्याओं को अच्छे घर और वर की प्राप्ति होती है। रामायण में जो केवट जी थे वही भागवत में सुदामा के रूप में रहे। इस मौके पर संयोजक वरुण सिंह, अशोक पटेल, प्रमील पांडेय, राजीव पटेल राजू, मौजूद रहे। 

जो काम प्रेम से संभव है वह हिंसा से संभव नहीं
वृंदावन से पधारे भागवत मर्मज्ञ डॉ. संजय कृष्ण सलिल ने कहा कि कथा श्रवण से वर्तमान समय में समाज में व्याप्त अत्याचार, अनाचार, कटुता दूर कर युवाओं की ओर से  सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है। वह शनिवार को श्रीहनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय दुर्गाकुंड में चल रहे सप्ताहव्यापी श्रीमद्भागवत कथा के समापन समारोह में प्रवचन दे रहे थे।

शनिवार को भागवत कथा के अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में मथुरा गमन, कंस के अत्याचार से मुक्ति के लिए कंस वध, कुबजा उद्धार, रुक्मणी विवाह, शिशुपाल वध और सुदामा चरित्र का वर्णन हुआ। डॉ. संजय ने कहा कि जो काम प्रेम के माध्यम से संभव है, वह हिंसा से संभव नहीं है। कथा समापन पर यज्ञ हवन हुआ। लगभग दो सौ लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। व्यासपीठ का पूजन मनोज गर्ग व शिखा गर्ग ने किया। इस अवसर पर अखिलेश खेमका, नीरज दुबे, रवि कुमार, विजय कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।

राम ने लिया जन्म, दिखाया बाल चरित्र
चांदपुर की रामलीला में शनिवार को रामजन्म की लीला हुई। शनिवार को रात्रि में आठ बजे से शुरू हुई रामलीला में राम के जन्म व उनके बाल चरित्र का प्रसंग लीला प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, मारीच वध के साथ ही सुबाहु वध का मंचन किया गया। चांदपुर की रामलीला में पूर्व प्रधान आरडी यादव के साथ कमेटी के लोग उपस्थित रहे।

नमन विश्वनाथम में निखरा काशी तमिल संगमम का स्वरूप
काशी विश्वनाथ धाम के शंकराचार्य चौक में नमन विश्वनाथम नृत्यार्पण के जरिए काशी तमिल संगमम का स्वरूप निखरकर सामने आया। शनिवार को कांचीपुरम से आए श्री कांची क्षेत्र कला मंदिर के कलाकारों ने नृत्य और भजन के जरिए बाबा विश्वनाथ को नमन किया। 

शनिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा और कांची क्षेत्र कला मंदिर की निदेशिका मीना वज्रवेल ने दीप जलाकर किया। कांची क्षेत्र कला के कलाकारों ने भरतनाट्यम की भक्तिपूर्ण प्रस्तुति साकार की। युवा नृत्यांगनाओं ने अपने नृत्य से सबको भक्ति भाव से विभोर कर दिया। मार्गदर्शन वज्रवेल आरमुगम व धर्मेंद्र का रहा। संयोजन सहयोग भाव प्रभा पद्म संस्थान ने किया। दल में सहभागी नर्तकी बी संजना, आर अश्वना, एम स्वास्तिका, डी रितिका, एम सुदर्शना ने नृत्य का आरंभ श्री गणेश को अर्पित पुष्पांजलि से किया। इसके उपरांत शिव वंदना भरतनाट्यम के माध्यम से साकार हुई।

अगली कड़ी में शिव तांडव की ओजपूर्ण प्रस्तुति हुई। इसके बाद देवी त्रिपुरसुंदरी को समर्पित स्तुति पर भावप्रवण नृत्य हुआ। नृत्य का समापन काशी विश्वनाथ की महिमा पर आधारित भजन जगदीशा...से हुआ। सहयोग पीयूष आचार्य, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी और संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

कट्टरपंथ दुनिया की शांति के लिए खतरा
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि बांग्लादेश हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। कट्टरपंथ न केवल हिंदू समुदाय के लिए बल्कि संपूर्ण विश्व की शांति और समृद्धि के लिए गंभीर खतरा है। इस पर संपूर्ण विश्व को विचार करने की जरूरत है। 

वह शनिवार को अर्दली बाजार स्थित सोनकर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि हिंदू समुदाय संगठित हों और कट्टरपंथ का सामना करे। इस दौरान स्वामी कन्हैया महाराज, कृष्णा पांडेय, राजेश, प्यारे लाल मौजूद रहे। 

तत्काल पासपोर्ट के लिए रोज आ रहे 60 आवेदन 
महमूरगंज स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में इन दिनों तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदकों की संख्या बढ़ने लगी है। कार्यालय पर प्रतिदिन तत्काल के लगभग 60 आवेदन आ रहे हैं। लेकिन तत्काल आने वाले आवेदन में दस्तावेज की कमी और और अन्य गलतियों के होने से परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं।

दस्तावेजों के सही जानकारी मैच न होने से पासपोर्ट अधिकारी आवेदकों को दस्तावेज सही कर स्लॉट बुक करके आने के निर्देश दे रहे हैं। जानकारी मैच होने के बाद ही पासपोर्ट बनाया जा रहा है। पासपोर्ट कार्यालय पर आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, जौनपुर सहित अन्य जनपदों के लोग सप्ताह में पांच दिन पासपोर्ट बनवाने आते हैं। 

पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि आवेदकों को कोई परेशानी न हो इस बात का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवेदकों की ओर से तत्काल पासपोर्ट के लिए जो फॉर्म भरा जा रहा है, उसमें जो भी गलतियां होती हैं, उसे दूर करने का उपाय बताया जा रहा है और दूसरे दिन का स्लॉट लेकर गलती सुधारने को कहा जा रहा है। 

पासपोर्ट कार्यालय में नार्मल पासपोर्ट बनाने का रोजाना 930 स्लॉट है, तत्काल के लिए 120 स्लॉट है। रोज 1200 से 1300 लोग नार्मल पासपोर्ट के लिए आवेदन करते है, वहीं तत्काल के लिए 60 आवेदन आ रहे है।

दुष्कर्म के दोषी को दस वर्ष की कड़ी कैद
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) द्वितीय अनुभव द्विवेदी की अदालत ने चोलापुर थाना क्षेत्र की एक किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में अभियुक्त बुद्ध यादव को दोषी पाया। दंड के प्रश्न पर सुनते हुए अभियुक्त को 10 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया है। 

अर्थदंड की धनराशि जमा न किए जाने की दशा में अभियुक्त को 25 दिन की सजा और भुगतनी होगी। विशेष लोक अभियोजक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक अभियुक्त बुद्ध यादव पीड़िता को अपने साथ बहला-फुसला कर ले गया था और फिर दुष्कर्म किया था। 

मोबाइल विक्रेता को 26 हजार रुपये देने का आदेश
वाराणसी के सिगरा के शास्त्री मार्केट स्थित दी फिलिंग मोबाइल शॉप के प्रोपराइटर आशीष दूबे को जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने 26 हजार रुपये के भुगतान का आदेश दिया। यह आदेश आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह और सदस्य सुमन दूबे ने रामकटोरा निवासी आयुष चंद्र के परिवाद पर दिया है। आयुष चंद्र के अनुसार उन्होंने आशीष दूबे की दुकान से आईफोन फाइनेंस करा कर लोन पर लिया था। विपक्षी द्वारा उनसे धोखाधड़ी करते हुए फर्जी तरीके से 30 हजार रुपये का अतिरिक्त भुगतान कराया गया।

धोखाधड़ी के दो आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
विशेष सत्र न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), चतुर्थ रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने शेयर मार्केट में पैसा लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के भेलूपुर थाने के एक मामले में बजरडीहा निवासी आरोपी अनिल कुमार सिंह और करमाजीतपुर के अजय शंकर त्रिपाठी की ओर से की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। 

नगर निगम के दो वरिष्ठ लिपिक निलंबित
नगर निगम के दशाश्वमेध जोन में तैनात वरिष्ठ लिपिक गीता देवी को नियमों के विपरीत काम करने और विभागीय अभिलेखों को दरकिनार कर व्यक्तिगत अभिलेख प्रस्तुत करने के मामले में निलंबित कर दिया गया। 

प्रभारी अधिकारी अधिष्ठान ने नगर महापालिका सेवा नियमावली और कर्मचारी आचरण नियमावली के प्रावधानों के विपरीत काम करने पर कार्रवाई की। उन्हें अपर नगर आयुक्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया। उधर अभिलेखागार कार्यालय में तैनात वरिष्ठ लिपिक अरविंद चौबे को न्यायालय से जुड़े प्रकरण में लापरवाही बरतने के मामले में निलंबित कर दिया। ये भी अपर नगर आयुक्त कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। 

डेंगू का प्रकोप हुआ कम, बीस दिन में मिले महज 41 मरीज
जिले में मौसम के बदलने के साथ-साथ डेंगू का प्रकोप भी कम हुआ है। पिछले साल अक्तूबर महीने में जहां 172 मरीज मिले थे, वहीं इस साल अब तक बीस दिन में केवल 41 मरीज ही मिले हैं। इधर स्वास्थ्य विभाग जांच करने के साथ ही लोगों को जागरूक कर रहा है। 

सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि पंचायतीराज विभाग तथा नगर निगम के द्वारा एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा है।  अगस्त महीने से ही कैंप लगाकर लोगों की जांच की जा रही है। हॉट स्पॉट क्षेत्रों में  5,897 बुखार के मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच की जा चुकी है।शहरी क्षेत्रों में 65 और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 कैंप लगाए जा चुके हैं।

71000 घरों की जांच में 1065 घरों में लार्वा मिला है। लोगों को नोटिस जारी कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इस बीच शनिवार को अवलेशपुर में 47 वर्षीय महिला और खोजवा में 24 वर्षीय युवक में डेंगू की पुष्टि हुई। इस साल अब तक 117 मरीज मिल चुके हैं।

जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार
धोखाधड़ी कर के पूर्व में बेची गई जमीन का पुनः बैनामा कर रुपये हड़पने के मामले में वांछित दो आरोपियों को शिवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुद्धीपुर गांव के राजेश कुमार और भरलाई के विनोद कुमार के रूप में हुई है। शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आठ मई 2023 को घमहापुर (हरदत्तपुर) निवासी शोभानाथ ने मुकदमा दर्ज कराया था।

क्लीनिक का ताला तोड़कर चोरी
वाराणसी के पांडेयपुर इलाके में स्थित एक क्लीनिक का ताला तोड़ कर चोर नकदी और गहने चुरा ले गए। पांडेयपुर के डा. संकठा प्रसाद गुप्ता लालपुर-आजमगढ़ रोड पर मकान में ही क्लीनिक चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार एक लाख पांच हजार रुपये नगद और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य से ज्यादा के गहने गायब थे। 

महिला पर धारदार हथियार से हमला किया
जंसा बाजार में शनिवार की शाम मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक ने कुरौना गांव की एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ कर पीटा और घटना की जानकारी जंसा थाने की पुलिस को दी। पुलिस युवक को थाने ले आई और उसका प्राथमिक उपचार कराई। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक कई दिनों से बाजार में घूम रहा था। जंसा थाने की पुलिस के अनुसार युवक मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। 

नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दो घायल
लेढूपुर इलाके की मुस्लिम बस्ती में नाली के निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में शनिवार की रात जमकर ईंट-पत्थर चले। मारपीट और पथराव में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ सारनाथ थाने में तहरीर दी है। पुलिस घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर मामले की जांच कर रही है। सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढूपुर स्थित मुस्लिम बस्ती में विवादित जमीन पर नाली निर्माण के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट हुई। रेहान (14) और नुमान (16) के सिर में चोट लगी है। 

नाविकों को दिया जल आपदा बचाव का प्रशिक्षण
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने शनिवार को दशाश्वमेध घाट पर नाविकों को बचाव का प्रशिक्षण दिया। इसमें नाविकों को बचाव कार्य करने तथा बचाए गए व्यक्तियों के प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि नाविक हर समय गंगा तट पर उपस्थित रहते हैं और वह प्रथम बचावकर्मी होते हैं। 

बिहार से आया युवक गाय घाट पर गंगा में डूबा
गाय घाट पर गंगा स्नान के दौरान शनिवार को एक युवक डूब गया। पुलिस ने 11 एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों के साथ मिल कर युवक के शव को पानी से बाहर निकलवाया। युवक की पहचान बिहार के पटना के पुरानी बाजार, भसौनी निवासी प्रकाश राज (22) के रूप में हुई। प्रकाश अपनी मां शांति देवी और बहन प्रभा के साथ काशी भ्रमण के लिए आया था। 

कमांडेंट ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
सीआरपीएफ कमांडेंट राजेश्वर बालापुर ने कहा कि स्वच्छता से ही शरीर को बीमारी से बचाया जा सकता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। वह शनिवार को पहड़िया स्थित सीआरपीएफ कैंपस में जवानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट राजेश्वर बालापुर और डॉ. अजय तिवारी ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। 

घर से निकली विवाहिता का नहीं लगा पता
अमरा खैरा चक स्थित घर से बाहर निकली विवाहिता सुमन बिंद वापस लौट कर नहीं आई। अमरा खैरा चक की रहने वाली जालपा देवी ने बताया कि उनके बेटे राजेश बिंद की शादी पांच वर्ष पहले बिहार के भभुआ जिले के बेतरी गांव की सुमन बिंद के साथ हुई थी। सुमन की तीन वर्ष की बेटी है। गत 11 अक्तूबर की शाम सुमन घर से निकल कर बाहर गई और उसके बाद उसका पता नहीं लगा। जालपा देवी ने कमिश्नरेट के पुलिस अफसरों से गुहार लगाई है कि रोहनिया थानाध्यक्ष को निर्देशित कर उसकी बहू सुमन की खोजबीन में मदद कराएं। 

चांदी गलाने के दौरान छोटे गैस सिलिंडर में आग लगी
चौक थाने के पीछे छत्तातले क्षेत्र स्थित एक दुकान में सोना-चांदी गलाने के दौरान छोटे गैस सिलिंडर में आग लग गई। स्थानीय लोगों और मकान मालिक की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। 
विज्ञापन

बीएचयू के डॉ. संजय यादव बने संपादकीय बोर्ड में सदस्य
आगरा में हाल ही में हुई आर्थोपेडिक्स एसोसिएशन की सेंट्रल जोन मीटिंग में आईएमएस बीएचयू के डॉ. संजय यादव को एसोसिएशन से निकलने वाली जर्नल के संपादकीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। 

बंद बनकट रेलवे हाल्ट को शुरू करने की मांग
निर्माणाधीन गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बनकट रेलवे हाल्ट स्टेशन को फिर से शुरू करने की मांग की है। लोहता से चौखंडी स्टेशन के बीच रिंग रोड के किनारे बनकट हाल्ट स्टेशन को 34 साल पहले बंद कर दिया गया है। गांव के विभूति नारायण पांडेय ने रेलमंत्री, रेलवे बोर्ड और डीआरएम को पत्र भेजा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें