फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरेंः हाईकोर्ट ने डीएम को किया तलब, लूट के आरोपी को भेजा जेल

Wed, 07 Aug 2024 12:11 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के जिलाधिकारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तलब किया है। मामला जमीन के दस्तावेज गायब होने से जुड़ा हुआ है। वहीं, रामनगर में लूट के आरोपी ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। वांछित 25 हजार रुपये का इनामी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पिंडरा तहसील से जमीन के दस्तावेज गायब होने के मामले की जांच के दिए आदेश का पालन न करने पर डीएम वाराणसी जवाब-तलब किया है। न्यायालय ने 18 अक्तूबर 2024 तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय ने याची के अधिवक्ता सुधीर कुमार सिंह को सुनकर यह आदेश पारित किया।

विज्ञापन


वाराणसी के तहसील पिंडरा के ग्राम पिंडरा में कौशल किशोर राय की मां के नाम जमीन थी। इसकी फर्जी वसीयत बनाकर पुष्पा राय के नाम जमीन कर दी गई। साथ ही पिंडरा तहसील से संबंधित दस्तावेज गायब भी हो गए। ऐसे में दस्तावेज गायब करने वालों का पता लगाकर दंडित करने एवं संबंधित राजस्व अभिलेख की खोज कराने के लिए डीएम वाराणसी को 26 अगस्त 2023 को पत्र दिया था। इस पर कोई कार्यवाही नहीं होने पर कौशल किशोर ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की।

कोर्ट ने 20 फरवरी 2024 को याचिका निस्तारित करते हुए डीएम वाराणसी को तीन माह में विधि अनुसार आदेश पारित करने का निर्देश दिया था। तीन माह बीतने पर आदेश का पालन नहीं करने पर कौशल किशोर राय ने अवमानना याचिका दाखिल की। न्यायालय ने सोमवार को सुनवाई करते हुए वाराणसी के डीएम एस राजलिंगम को अवमानना नोटिस जारी कर 18 अक्तूबर 2024 तक जवाब मांगा है। 

विज्ञापन

बीएचयू परिसर में पेड़ों की कटाई मामले में एनजीटी ने जांच के लिए पैनल बनाया
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने वाराणसी में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय परिसर के अंदर बड़ी संख्या में पेड़ों की अवैध कटाई की जांच के लिए एक पैनल बनाया है। पीठ ने दो सदस्यीय समिति को साइट का दौरा करने, सही स्थिति का पता लगाने और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। 

अधिकरण एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि 1,300 एकड़ के परिसर के अंदर चंदन सहित कई पेड़ों को छात्रों के विरोध के बावजूद अवैध रूप से काट दिया गया। मामले की अगली सुनवाई 11 अक्तूबर को होगी।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने कहा कि आरोपों की सत्यता और काटे गए पेड़ों की संख्या का पता लगाने, क्या पेड़ों को काटने से पहले कोई अनुमति ली गई थी और क्या कोई प्रतिपूरक पैधारोपण किया गया, इन सभी बातों की जांच के लिए हम क्षेत्रीय कार्यालय (केंद्रीय) पर्यावरण और वन मंत्रालय और प्रभागीय वन अधिकारी (वाराणसी) की एक समिति बनाना उचित समझते हैं।

पीएसी के सिपाही के साथ मारपीट, फाड़ी वर्दी
प्रयागराज के नैनी स्थित 42 बटालियन पीएसी के सिपाही पंकज कुमार पटेल से कालभैरव के समीप दो लोगों ने मारपीट की। घटना के संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिपाही पंकज कुमार पटेल ने बताया कि वह कालभैरव मंदिर के निकास द्वार पर ड्यूटी कर रहे थे।

रास्ते में खड़े होकर निकास द्वार से जाने के लिए शुभम मिश्रा और अतुल राय बहस कर रहे थे। तीन-चार बार दोनों को मना किया गया। इस पर दोनों ने उनके साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी।

महिलाओं का आभूषण चोरी करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर पुलिस ने चोरी के तीन आरोपियों को हरिबल्लमपुर रिंग रोड के पास से सोमवार की रात गिरफ्तार किया। तीनों के कब्जे से पीली धातु की चैन, 3 मोबाइल और 16550 नगद, चोरी में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई। गिरफ्तारी टीम को डीसीपी वरूणा ने दस हजार इनाम की घोषणा की है। 

थानाध्यक्ष ईश्वर दयाल दूबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सेठ निवासी रैया भदोही, लक्ष्मण सोनी और अनिल सोनी निवासी कोनार मैलाहन प्रयागराज के रूप में हुई है।

लूट के आरोपी ने कोर्ट में समर्पण किया, गया जेल
रामनगर थाना क्षेत्र में व्यापारी से 42.50 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश बड़ागांव निवासी नीलेश यादव ने मंगलवार को पुलिस को चकमा देकर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पंचम) की कोर्ट में समर्पण कर दिया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। 

इस मामले में एक दरोगा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो आरोपी 25-25 हजार के इनामी मुकेश दूबे उर्फ हनी और योगेश पाठक उर्फ सोनू पाठक अभी भी वांछित हैं। 

रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी के समीप नेशनल हाइवे पर 22 जून 2024 को बस को रोककर बदमाश आभूषण व्यापारी के दो कर्मचारियों से 42.50 लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने 24 जुलाई 2024 को भीटी चौकी के समीप स्थित बंदरगाह रोड पर छापा मार कर घटना में शामिल तत्कालीन नदेसर चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश पांडेय और उसके दोस्त विकास मिश्रा व अजय गुप्ता को गिरफ्तार किया था। तलाशी में तीनों के पास से लूट के 8.05 लाख रुपये बरामद हुए थे।

अखिलेश-ओवैसी के मामले की सुनवाई टली
अपर जिला जज (नवम) विनोद कुमार सिंह की अदालत में मंगलवार को ज्ञानवापी परिसर स्थित वजूखाना में गंदगी और शिवलिंग जैसी आकृति को लेकर दिए गए विवादित बयान के मामले में दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। 

निगरानीकर्ता वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय की ओर से तबीयत खराब होने के कारण अगली तिथि देने की गुहार लगाई गई। इस पर कोर्ट ने सुनवाई की अगली तिथि 17 अगस्त नियत की है। इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सहित अन्य लोग प्रतिवादी हैं।

ज्ञानवापी में धार्मिक आयोजनों की मांग पर सुनवाई टली
एडीजे सप्तम की कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की अनुमति संबंधी प्रकरण में हिंदू पक्ष को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 16 अगस्त को होगी। 

लोअर कोर्ट ने बीते फरवरी माह में ज्ञानवापी में उर्स करने सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की अनुमति देने संबंधी मुख्तार अहमद के वाद में तृतीय पक्षकार हिंदुओं को बनाने का आवेदन स्वीकार किया था। आदेश के खिलाफ मुख्तार ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की है।

कृतिवाश्वेश्वर महादेव की मुक्ति के लिए वाद दाखिल
विश्व वैदिक सनातन न्यास की ओर से सिविल जज (जूनियर डिविजन) शुभी अग्रवाल की अदालत में हरतीरथ स्थित कृतिवाश्वेश्वर महादेव की मुक्ति के लिए वाद दाखिल किया गया है। न्यास के अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि यह वाद उन्होंने और विकास शाह ने दाखिल किया है। अदालत ने मंगलवार को वाद को स्वीकार कर सुनवाई के लिए छह सितंबर की तिथि नियत की है।

दुष्कर्म कर अश्लील फोटो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म कर अश्लील फोटो वायरल करने के आरोप में कुरहुआं निवासी विशाल कुमार को चोलापुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ गत चार अगस्त को पीड़िता की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि पीड़िता को आरोपी अपने साथ होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसका अश्लील फोटो खींच कर उसके भाई के मोबाइल पर भेज दिया।

छात्रा को अगवा करने का प्रयास, मुकदमा दर्ज
कपसेठी थाना क्षेत्र के एक कॉलेज की छात्रा को सुबह बाइक सवार युवकों ने अगवा करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर शिक्षक पहुंचे तो बाइक सवार फरार हो गए। पीड़ित छात्रा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कक्षा नौ की छात्रा अकेले पैदल ही सुबह 10 बजे कॉलेज जा रही थी। 

कॉलेज से पहले ही नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर बाइक सवार भाग गए। इस घटना से सदमे में आकर छात्रा अचेत हो गई। शिक्षकों की सूचना पर परिजन और पीआरवी पहुंची। पुलिस के अनुसार आसपास दुकानों के सीसी कैमरों के जरिये आरोपी की पहचान की जा रही है। संवाद

पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस
कपसेठी थाना क्षेत्र के भरहरिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित हंसराज पटेल का आरोप है कि गांव के ही शंकर पटेल, रवि शंकर पटेल, मंगल पटेल, जितेंद्र पटेल, रविंद्र पटेल, दीपक पटेल अन्य ने लाठी डंडे से मारा पीटा। वहीं, दूसरे पक्ष से सुभाष पटेल का आरोप है कि हंसराज, जयप्रकाश, लवकुश, सनी, रमेश, जियालाल, रमेश उर्फ घाटी पटेल आदि ने मारपीट की। 

चौकाघाट रेलवे डॉट पुल पर मिला शव
चौकाघाट रेलवे डॉट पुल पर सुबह युवक का शव जीआरपी ने बरामद किया। रेल लाइनों के बीच काफी देर तक शव पड़ा रहा। जीआरपी के अनुसार शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन से गिरने से उसकी मौत हुई होगी। 

बाइक की टक्कर से कांवड़िया घायल, हंगामा
मिर्जामुराद के खजुरी में नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर देर शाम प्रयागराज से जल लेकर बाबा विश्वनाथ को चढ़ाने जा रहे कांवड़िया अशोक वर्मा (35) को सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

इस पर कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर पहुंची मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायल कांवड़िया को इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही नाराज कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घायल कांवड़िया फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही नेवादा गांव का रहने वाला बताया गया है। 

आकाशदीप बिल्डिंग का हटेगा अतिक्रमण
वीडीए पुलकित गर्ग ने 33 आवंटियों की शिकायत पर वीडीए परिसर स्थित आकाशदीप बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इसमें 17 दुकानें आवंटित नहीं थीं। इनकी पुन: नीलामी कराने को कहा। यहां साफ सफाई कराने, प्रकाश व्यवस्था के लिए निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण हटवाने को कहा। बिल्डिंग के रखरखाव के लिए एसोसिएशन बनाने की हिदायत दी। 

उत्तर प्रदेश वित्तीय निगम के छह कार्यालय भवन का आवंटन निरस्त
वीडीए की ओर से उत्तर प्रदेश वित्तीय निगम के छह कार्यालय भवन का आवंटन निरस्त कर दिया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार शास्त्री नगर योजना के तहत उत्तर प्रदेश वित्तीय निगम को वर्ष 1976 में 8 कार्यालय भवन किराए पर आवंटित किए गए थे।

बकाया धनराशि जमा करने के लिए कहा गया। सभी प्रयास के बाद भी न तो भवन को खरीदा गया और न ही किराया बढ़ाया गया। इस पर वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने 8 में से 6 कार्यालय भवनों का आवंटन निरस्त कर दिया। यह भी सचेत किया गया कि एक सप्ताह में 6 कार्यालय भवन को खाली नहीं किए गए तो वीडीए खाली करवाएगी। इस पर 71.25 लाख रुपये बकाया है। इस भवन का मूल्य 2.32 करोड़ है। 

दो जगहों पर 8 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार दो जगहों पर 8 बीघे की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई गई। मुगलसराय वार्ड के चंद्रखा में 3 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। जिसे पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराया गया। सारनाथ वार्ड के चोलापुर में अज्ञात की ओर से 5 बीघे में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। इसे ध्वस्त कराया गया। 

मृतका के पति को दिया चार लाख का चेक
मकान गिरने से आजमगढ़ के अजमत नगर की निवासी प्रेमलता गुप्ता की मौत के बाद प्रशासन ने उनके पति अशोक कुमार गुप्ता को चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। एडीएम वित्त वंदना श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक नीलकंठ तिवारी ने उन्हें यह चेक सौंपा। बताया कि यह धनराशि राज्य आपदा मोचक निधि से सौंपी गई है।

सात नमाजियों ने ही ज्ञानवापी में अदा की नमाज
हादसे की वजह से ज्ञानवापी में दोपहर में जोहर की नमाज सात नमाजियों ने ही अदा की। मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने बताया कि हादसे की वजह से मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया था। इसलिए प्रशासन ने जोहर की नमाज के लिए सात लोगों को ही अनुमति दी थी। जबकि सुबह फज्र की नमाज सिर्फ चार लोगों ने ही पढ़ी। करीब यही स्थित शाम और रात की नमाज में भी थी। 

कान्हा की रासलीला देखने पहुंचे अनंत नारायण सिंह
रामनगर के बाऊ साहब के बगीचे में स्थित पक्के मंच पर वृन्दावन से आई रास मंडली ने 15 दिवसीय श्रीकृष्णलीला शुरु हुई। पहले दिन कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया।

कलाकारों ने व्रज उत्सव में ब्रजधाम सरीखे नजारा पेश किया। ऋषभ मिश्रा की रास मंडली ने नृत्यरास के बाद मोर झांकी की मनोरम प्रस्तुति की। अंत में आरती के साथ लीला का समापन हुआ। रामलीला देखने काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह पहुंचे थे। इसके पूर्व काशीराज परिवार की ओर से पारम्परिक मथुरा के चौबे ब्राह्मणों का चौबे भोज कराया गया।

पैक हाउस चलवाने के दिए निर्देश
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कृषक उत्पादक संगठन की जिला स्तरीय मॉनीटरिंग कमेटी की बैठक की गई। बैठक में लाइसेंस से संतृप्त उर्वरक, बीज, कीटनाशक, मंडी जीएसटी, और आनलाइन मार्केट प्लेटफार्म पर चर्चा की गई। सीडीओ ने पैक हाउस को संचालित कराने के लिए सभी एफपीओ को निर्देश दिए। 

विद्यापीठ में प्रवेश परीक्षा के लिए तीन दिन बंद रहेगा पठन-पाठन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2024-25 में प्रवेश के लिए 8 से 10 अगस्त तक प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी विश्वविद्यालय प्रशासन ने पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के निर्देश पर 8 अगस्त से 10 अगस्त तक विश्वविद्यालय परिसर में पठन-पाठन नहीं होगा। कार्यवाहक कुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि इस दौरान कक्षाएं ऑनलाइन संचालित होंगी। साथ ही सभी कार्यालय खुले रहेंगे। 

बिजली कटौती की शिकायत की
मंत्री अनिल राजभर के प्रतिनिधि संजय सिंह के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने चिरईगांव के अधिशासी अभियंता कार्यालय में एसडीओ विक्रांत से बिजली कटौती की शिकायत दर्ज कराई। एसडीओ ने कहा कि बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर बिजली कटौती की समस्या जल्द ही दूर की जाएगी। इस मौके पर कमलेश मौर्या, नवीन मिश्र, प्रवीण रघुवंशी, गौरव सिंह, सुजीत पटेल मौजूद रहे। 

उधना-छपरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू
उधना-छपरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सात से 30 अगस्त तक चलेगी। उधना से ट्रेन का संचालन सात, 14, 21 और 28 अगस्त को होगा। वहीं, छपरा से ट्रेन 9, 16, 23 व 30 अगस्त को चलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि उधना-छपरा स्पेशल ट्रेन उधना से 10.50 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 7 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन छपरा से सुबह 10 बजे खुलेगी और दूसरे दिन शाम 6.30 बजे उधना पहुंचेगी। 

संभव की जनसुनवाई में आई 23 शिकायतें
नगर निगम में हुई संभव की जनसुनवाई में 23 शिकायतें आईं। इनमें ज्यादातर सीवर, सफाई, अतिक्रमण, पेयजल आदि से जुड़ी रहीं। जनसुनवाई कर रहे नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी शिकायतों को दूर कराने का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजे। 

साथ ही निस्तारण की आख्या भी मांगी। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने शिकायत की कि बंदोबस्ती नाले पर दाखिल खारिज किया गया है। इससे जुड़ी पत्रावली गायब है। 26 साल से नाले पर अवैध कब्जा हो रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने खुद परीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। 

पानी के लिए जलकल महाप्रबंधक का किया घेराव
नगवा वार्ड नंबर 22 पंचकोशी मार्ग पर लगभग 6 महीने से 25 घरों में पानी नहीं आ रहा है। इससे नाराज सपा नेता अमन यादव ने मंगलवार को जलकल के महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत लगातार लिखित रूप से की गई। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई।

समस्या का समाधान कराने के आश्वासन पर घेराव समाप्त हुआ। घेराव करने वालों में दीपक पटेल, पप्पू यादव, सौरभ राय, वीरेंद्र शर्मा, महेंद्र पटेल, अनिल राजभर आदि शामिल रहे। 

चंदौली सांसद ने संसद में फसल बीमा योजना से जुड़े सवाल उठाए
चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री किसान फसल बीमा योजना के तहत कृषि मंत्री से पीड़ित किसानों के लिए मुआवजे की मांग की। संसद में प्रश्नकाल के दौरान सांसद ने सवाल उठाया। कहा कि चंदौली जनपद की लगभग 100 एकड़ गेहूं की फसल जो पिछले दिनों जल गई थी। उसका मुआवजा अभी नहीं मिला है। उन किसानों को भी मुआवजा दिया जाए। बताया कि ये भूमिहीन खेतिहर मजदूर हैं और बटाई पर खेती करते हैं।

शहरी सीएचसी पर एक घंटे में हुई महिला के गर्भाशय की सर्जरी
चार साल से गर्भाशय की समस्या से परेशान कोनिया निवासी प्रतिमा (38) की शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में सर्जरी की गई। करीब एक घंटे तक चली सर्जरी के बाद महिला पूरी तरह स्वस्थ है। शहरी सीएचसी की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिभा के अनुसार महिला प्रतिमा सिंह एनीमिया (खून की कमी) से ग्रसित थी। 

सीएचसी पर भर्ती कर जांच की गई। इसके बाद उसकी सर्जरी की गई। डॉ. प्रतिभा ने बताया कि हिस्टेरेक्टॉमी, गर्भाशय को सर्जरी के जरिये हटाने की प्रक्रिया है। उधर सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने सर्जरी करने वाली टीम की सराहना की है। 

वन स्टाप शॉप का निरीक्षण करते सीडीओ हिमांशु नागपाल। - फोटो : अमर उजाला
पलही पट्टी और आयर बनेंगे मॉडल बाजार
वाराणसी। सीडीओ हिमांशु नागपाल सोमवार को विकासखंड हरहुआ के पलही पट्टी बाजार पहुंचे। उन्होंने पलही पट्टी और आयर को मॉडल बाजार बनाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि इन दोनों बाजार में सार्वजनिक शौचालय, सोलर लाइट, कैमरे, बस स्टैंड और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए।

साथ ही बाजार में आने वाले लोगों के बैठने के लिए आरसीसी कुर्सियां बनवाई जाएं। ग्राम पंचायत की ओर से मार्केट से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी नियमित रूप से भेजी जाएगी। सीडीओ ने दुकानदारों से कहा कि अपनी दुकानों में कैमरे लगवाएं और ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करें।
विज्ञापन

शहीद के पार्थिव शरीर के साथ सेना के जवान। - फोटो : अमर उजाला
शहीद जवान का पार्थिव शरीर वाराणसी से गाजीपुर के लिए रवाना
एयर इंडिया दिल्ली के विमान से लेह मे शहीद जवान मो. अकरम खान का पार्थिव शरीर दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट पर पंहुचा। 39 जीटीसी के अधिकारियों व जवानों ने सशस्त्र सलामी देने के बाद उनके पैतृक गांव सेना के वाहन से पार्थिव शरीर को गाजीपुर के लिए रवाना किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें