केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बुधवार को केन्द्र सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में थे। उन्होंने डीरेका सभागार में पत्रकार वार्ता में कहा कि गंगा को निर्मल और अविरल करने के लिए गंगोत्री से गंगा सागर तक अभियान चलाया जा रहा है।
केन्द्र सरकार 11 हजार 500 रुपये लागत की 89 परियोजनाओं के जरिए यह प्रयास कर रही है। काशी में वरुणा के पानी को गंगा में जाने से रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो गया है। हाई पॉवर कमेटी इस पर काम कर रही है। इस दौरान केन्द्र सरकार की परियोजनाओं का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी दिया गया।
केन्द्रीय विधि एवं न्याय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा कि देशभर में 121 करोड़ आधार कार्ड धारकों को जनधन, मोबाइल और अन्य साधनों से जोड़ा गया है। जिससे योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थी के खाते में जा रहा है और बिचौलियों के हिस्से में जाने वाले 90 हजार करोड़ रुपये बचे हैं। यही कारण है कि दिल्ली जितने रुपये भेजे जाते हैं, उतने ही पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में देश को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इसमें सर्जिकल स्ट्राइक जैसा साहसिक कदम है तो नोटबंदी से कालेधन पर अंकुश लगाया गया। नोटबंदी में 14 लाख करोड़ रुपये वापस आए हैं और 10 लाख से ज्यादा तीन लाख चार हजार लोगों को जांच के दायरे में रखा गया है।
तीन लाख बोगस कंपनियों को बंद कराया गया। जीएसटी से देश को एक कर के दायरे में लाया गया। भारत के प्रधानमंत्री ग्लोबल लीडर बने और कई देशों ने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है।
केन्द्र सरकार की योजनाओं का ब्यौरा देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि चार साल में दलालों और बिचौलियों के लिए दिल्ली सरकार में दरवाजा बंद है। आगामी एक वर्ष में 4.5 करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा, महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार संजीदा है और कई मौकों पर बेटियों को आगे बढ़ाया। रेल दुर्घटनाओं को रोकने के किए कामों का जिक्र कर कहा कि और काम करना है।