घर में इधर-उधर फुदकने वाले चूहे को अगर आप हल्के में लेते हैं तो सावधान हो जाएं। एक चूहा लाखों लोगों की नींद उड़ा सकता है। जी हां ये घटना हुई है यूपी के गाजीपुर शहर में। गाजीपुर में मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र में लगी ट्राली में एक चूहा घुस गया, जिससे शार्ट-सर्किट होने से आधे शहर की बत्ती गुल हो गई।
पूरी रात बिजली गायब रहने से एक तरफ जहां लोग चैन की नींद सो नहीं सके, वहीं सुबह पानी के लिए परेशान होना पड़ा। आस-पास मौजूद हैंडपंपों और कुओं से लोगों ने थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर काम चलाया।
फाल्ट को दुरुस्त कर दूसरे दिन बुधवार को 14 घंटा बाद दिन के करीब ढाई बजे आपूर्ति शुरू हो सकी, वहीं कई क्षेत्रों की बाधित रही। मंगलवार की रात बारिश के दौरान ज्यादातर लोग अपने घर में मौजूद थे। मौसम कूल-कूल था, लेकिन घर के अंदर उमस बरकरार थी।
लोग पंखे और कूलर की ठंडा हवा के बीच कुछ सो गए थे, तो कुछ सोने की तैयारी में थे। रात को करीब 11 बजे प्रकाशनगर उपकेंद्र में स्थित ट्राली में अचानक एक चूहा घुस गया। इससे शार्ट-सर्किट होने से आधे शहर की बत्ती गुल हो गई। बिजली कटते ही लोगों की उलझन अचानक बढ़ गई।
जिन लोगों के पास उपकेंद्र और विभागीय अधिकारियों का नंबर था, वह मोबाइल मिलाकर यह पता करने में जुट गए कि बिजली क्यों गई है और कब तक आएगी। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ कमलेश ने फाल्ट की सूचना जेई अविनाश कुमार को दी।