रेप के आरोप में गिरफ्तार भदोही के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा को बुधवार को पुलिस ने वाराणसी कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उधर, पीड़िता का कलमबंद बयान दर्ज कराने के साथ ही पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
सत्संग लॉज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ली है। सिगरा पुलिस के अनुसार पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट गुरुवार को मिलेगी।
पढ़ेंः
रेप के आरोप में गिरफ्तार भाजपा नेता छह महीने से पीड़िता को दे रहा था झांसा
भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना अंतर्गत झिंगुरपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा को मंगलवार की दोपहर इंग्लिशिया लाइन स्थित सत्संग लाज से पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि कन्हैयालाल ने कोलकाता निवासी एक विवाहिता को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया था। इस दौरान कन्हैयालाल ने विवाहिता के साथ लॉज के कमरा नंबर 61 में दुराचार किया।
पढ़ेंः
भाजपा का पूर्व जिलाध्यक्ष विवाहिता से रेप के आरोप में गिरफ्तार
पीड़िता के शोर पर बगल के कमरे में ठहरे शख्स और लॉज स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी और मौके से ही कन्हैयालाल को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बारे में सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि सिगरा पुलिस की तफ्तीश जारी है। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
गर्दिश में अलग-थलग पड़े पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष
महेंद्र नाथ पाण्डेय के साथ कन्हैयालाल मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा के बनारस में एक युवती के साथ रेप कांड में फंसने के बाद भदोही जिले में भाजपा बैकफुट पर आ गई है। कुछ नेता बचाव की मुद्रा में हैं तो कुछ असमंजस में हैं कि क्या किया जाए। वहीं, जिला कार्यकारिणी इस मामले में कानून को अपना काम करने के लिए स्वतंत्र होने की बात कहकर तटस्थ है। ऐसे में जिले की सियासत में अहम स्थान रखने वाले कन्हैयालाल गर्दिश के दिनों में न सिर्फ अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं, बल्कि उनके राजनीतिक कॅरियर पर भी ग्रहण गया है।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के झिंगुरपुर गांव निवासी कन्हैयालाल 2009 में भाजपा भदोही के जिलाध्यक्ष बने थे। तीन साल तक पार्टी का नेतृत्व करने के बाद जिले की राजनीति में उन्होंने एक मुकाम बना लिया था। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व में भी वे पहचाने जाते थे।
इसके बाद वह कौशांबी जिले के निकाय चुनाव प्रभारी रहे। भाजपा में रहते हुए सियासी जगत में तमाम उतार-चढ़ाव के बीच कन्हैयालाल का दामन विवादों से नहीं बच सका। कभी सियासी प्रतिद्वंद्विता तो कभी कुनबे की मारपीट को लेकर वह जब-तब चर्चा में आते रहे।
गत दिनों रास्ते के विवाद में पड़ोसी के साथ मारपीट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बनारस में बंगाल की लड़की के साथ रेप के ताजे प्रकरण ने जिले की सियासत में हलचल मचा दी है। खुद भाजपा के लोग इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। कोई साजिश की आशंका जाहिर कर रहा है तो कोई इसे लेकर पसोपेश में है।
हालांकि भाजपा की जिला इकाई इस मामले में सेफ मोड में दिख रही है। जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने कहा कि यह विधिक मसला है। कानून सभी के लिए एक समान है। उसे अपना काम करने देना चाहिए। प्रशासनिक जांच चल रही है, उसमें जो भी निष्कर्ष निकलेगा, उस हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए।