पूर्व महंत के आवास पर हुए लोकाचार
- फोटो : अमर उजाला
धर्मसंघ के 121 बटुकों ने मंत्रोच्चार के साथ बाबा का अभिषेक करने के बाद वैदिक सूक्त का पाठ किया। काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी के सानिध्य में बाबा विश्वनाथ व माता पार्वती की गोद में प्रथम पूज्य गणेश की प्रतिमाओं को एक साथ सिंहासन पर विराजमान कराया गया।
सपरिवार बाबा विश्वनाथ की छवि देखकर काशीवासियों ने हर-हर महादेव... का जयघोष कर आशीर्वाद लिया। महिलाओं और कलाकारों ने पारंपरिक गीत और लोकनृत्य से ससुराल पहुंचे काशी पुराधिपति का स्वागत किया।
वाराणसी में रंगभरी एकादशी (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
रंगभरी एकादशी पर तीन मार्च को बाबा का पूजन ब्रह्म मुहूर्त में महंत आवास पर होगा। बाबा के साथ माता गौरा की चल प्रतिमा का पंचगव्य और पंचामृत स्नान के बाद दुग्धाभिषेक किया जाएगा। दुग्धाभिषेक पं. वाचस्पति तिवारी और संजीव रत्न मिश्र करेंगे। सुबह पांच से साढ़े आठ बजे तक 11 ब्राह्मण षोडशोपचार पूजन के बाद फलाहार का भोग लगाकर महाआरती करेंगे। दस बजे चल प्रतिमाओं का राजसी श्रृंगार और पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे भोग आरती के बाद बाबा का दर्शन आम श्रद्धालु करेंगे।
मथुरा की जेल में तैयार गुलाल
- फोटो : अमर उजाला
श्री काशी विश्वनाथ की पालकी शोभायात्रा में मथुरा की जेल के कैदियों द्वारा तैयार गुलाल उड़ाया जाएगा। पहले बाबा विश्वनाथ को अर्पित करने के बाद इसे श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भी बांटा जाएगा। कैदियों ने सब्जियों और फलों के मिश्रण से इस हर्बल गुलाल को तैयार किया है।
डॉ. कुलपति तिवारी ने बाबा विश्वनाथ की राजशाही पगड़ी, माता गौरा के महारानी मुकुट और पालकी की विशेष पूजा अर्चना की। उन्होंने काशी की जनता से अपील की है कि वह शोभायात्रा के समय पालकी से दूरी बनाकर रहें। भीड़ को देखते हुए उन्होंने शोभायात्रा के समय श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील की है।
बाबा की पालकी शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास से विश्वनाथ मंदिर तक निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे से शिवांजलि संगीत समारोह का परंपरागत आयोजन होगा। एएम हर्ष के संयोजन में होने वाले शिवांजलि संगीत समारोह की शुरुआत महेंद्र प्रसन्ना की शहनाई की मंगलध्वनि से होगी। कीर्तिमानधारी शंखवादक हैदराबाद के श्रीवल्लभ, जयपुर के भजन गायक मोहन स्वामी, रुद्रनाद बैंड के अमित त्रिवेदी, आराधना सिंह, सरोज वर्मा, पुनीत ‘पागल बाबा’, संजय दुबे आदि कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे।