फुलवरिया गेट नंबर चार के आसपास रहने वालों को नए साल में रैंप एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) की सौगात मिलेगी। आरओबी के कारण रेलवे फाटक बंद होने के बाद स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है। रेलवे अधिकारियों की माने तो बनारस में यह पहला रैंप एफओबी होगा। इसके जरिए लोग बाइक और साइकिल से रेलवे फाटक के दोनों तरफ आ जा सकेंगे।
उत्तर रेलवे की ओर से फुलवरिया गेट नंबर चार के पास एक नए रैंप एफओबी का निर्माण कराया जाएगा। इसका खाका भी तैयार कर लिया गया है। इसी महीने के अंत तक एफओबी का काम शुरू हो जाएगा। इस निर्माण से रेल कॉलोनियों में रहने वाले लोगाें को काफी सहूलियत होगी। लोग इस पार से उस पार जाने के साथ-साथ अपनी बाइक और साइकिल भी ले जा सकेंगे। रैंप एफओबी की लंबाई 40 मीटर और चौड़ाई 6 मीटर होगी। इसे एक करोड़ की लागत से मार्च 2022 तक तैयार कर लिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फुलवरिया गेट नंबर चार के ऊपर से राज्य सेतु निगम द्वारा एक आरओबी का निर्माण चल रहा है। इसके शुरू होने के बाद समपार (रेलवे फाटक) को बंद कर दिया जाएगा। इससे आसपास के लोगाें को रेलवे ट्रैक पार करने में दिक्कतें होंगी। इसे देखते हुए रेलवे इसी के पास रैंप एफओबी का निर्माण कराएगा।
फुलवरिया गेट नंबर चार के पास एक और रैंप एफओबी का निर्माण माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। इससे आसपास के लोग अपनी बाइक व साइकिल को आसानी से ले जा सकेंगे।- आनंद मोहन, स्टेशन डायरेक्टर कैंट।