वाराणसी। औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर, रामनगर, करखियावं में सड़क, बिजली, पानी, नाली, सीवर, सफाई आदि की व्यवस्था में सुधार होगा। इसके लिए 10.8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। औद्योगिक विकास एवं सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम व निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सतीश महाना ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक आस्थानों की आधारभूत सुविधाओं के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट है।
गुरुवार को कमिश्नरी में मंडलीय उद्योग बंधु एवं एमएसएमई दिवस पर हुई बैठक में उद्यमियों ने तीन सौ प्रतिशत बढ़ाया गया मेंटेनेंस शुल्क घटाने की मांग की। बैठक में उद्यमियों से उद्योगों की बेहतरी के लिए सुझाव भी लिए गए। बैठक में दस हस्तशिल्प कारीगरों को ओडीओपी के तहत धनराशि का प्रतीकात्मक चेक दिया गया।
बैठक में मंत्री ने कहा कि अधिकारी औद्योगिक आस्थानों की समस्याएं तत्परता से निस्तारित करें। औद्योगिक भूखंडों के मानचित्रों की व्यवस्था ऑनलाइन है। यदि उद्यमी इन मानचित्रों के अनुसार निर्माण करता है तो उसे स्वीकृति लेने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी उद्यमी को एक से अधिक भूखंड आवंटित हैं तो उनके संविलयन प्रक्रिया को सरल कर दिया गया है।
करखियांव स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में स्ट्रीट लाइट व सड़क आदि की खराब व्यवस्था की शिकायत को मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर से जांच कराकर रिपोर्ट मांगी। बैठक में प्रमुख सचिव उद्योग आरके सिंह, एमडी यूपीएसआईडीसी संजय प्रसाद, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीएम सुरेंद्र सिंह, चंदौली डीएम नवनीत सिंह चहल, गाजीपुर डीएम के बालाजी आदि मौजूद रहे।