पूर्व मंत्री व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि समाजवादी नेता आजम खान के खिलाफ कार्रवाई मुसलमानों को डराने के लिए की जा रही है। उत्तर प्रदेश की सरकार आजम के बहाने मुसलमानों को यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि भाजपा के विरोध में वोट देंगे तो उनकी गति आजम खान और उनके परिवार जैसी होगी।
नेता प्रतिपक्ष ने दूरभाष पर विशेष बातचीत में बताया कि वह मंगलवार को आजम खान से मिलने सीतापुर जिला कारागार जा रहे हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री व विधायक शैलेंद्र यादव ललई, नरेंद्र सिंह वर्मा और अरविंद सिंह गोप भी रहेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आजम खान वर्तमान में सांसद हैं और नौ बार विधायक रह चुके हैं। उनकी पत्नी सांसद रही हैं और वर्तमान में विधायक हैं। उनके पुत्र भी विधायक थे। आजम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर का जौहर विश्वविद्यालय बनवाया जिसे लेकर सरकार को उनका सम्मान करना चाहिए। लेकिन इसके बदले में उन्हें परिवार सहित जेल में डाल दिया गया है।