आय से अधिक मामले में फंसे पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी की न्यूरो संबंधी बीमारी ठीक हो गई है लेकिन उन्हें बैक पेन शुरू हो गया है। अब उन्हें हड्डी के डॉक्टर से परामर्श करने की सलाह दी गई है। माना जाता है कि अभी वह कुछ और दिन बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में ही भर्ती रहेंगे।
त्रिपाठी आय से अधिक संपत्ति के मामले में 14 नवंबर से जिला जेल में हैं। बीमारी की वजह से दिसंबर में वह करीब 15 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे।
बाद में उन्हें डिस्चार्ज किया गया। करीब सप्ताह भर पूर्व उन्हें फिर न्यूरो संबंधी बीमारी पेरीफेरल होने पर बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। उन्हें स्पेशल वार्ड के अतिविशिष्ट कक्ष में रखा गया है।
बुधवार को उन्हें एमआरआई कराने के लिए ले जाया गया, जहां उन्हें घबराहट होने लगी। जांच बीच में ही रोकनी पड़ी। अन्य जांचों के बाद इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनकी न्यूरो संबंधी बीमारी दवाएं खाने से ठीक हो जाएगी।
उन्हें डिस्चार्ज करने की तैयारी थी लेकिन कुछ ही देर बाद पूर्व मंत्री में बैक पेन की शिकायत की। इस शिकायत पर उन्हें हड्डी के डॉक्टर से परामर्श करने की सलाह दी गई।