केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग उद्यमिता के राजनीतिकरण से पैदा हुए हैं। शुक्रवार को दीनदयाल हस्तकला संकुल में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम सहयोग और संपर्क योजना का शुभारंभ करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यह योजना उद्यम में राजनीतिकरण के बाद आई समस्याओं को खत्म करेगी। बोले, आर्थिक सुधारों के लिए नरसिंहराव के बाद नीतिगत सुधारों के लिए मोदी सरकार का स्मरण किया जाएगा।
सिंह ने कहा कि एक साल से कम समय में ब्रिटेन से बड़ी अर्थव्यवस्था भारत की होगी। 2040 में भारत विश्व की सुपर इकोनॉमिक पावर होगा। उन्होंने कहा, विश्व बैंक ने तीन दिन पहले इज आफ डूइंग बिजनेस की श्रेणी में 77वां स्थान दिया है। पहले भारत का स्थान 142 था।
गृह मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को छोड़ दिया जाए तो हर व्यक्ति मान रहा है कि अंतराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं, देश बनाने के लिए होनी चाहिए। बाद में पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री ने कहा कि नई योजना से यूपी की अर्थव्यवस्था में बदलाव आएगा। रोजगार सृजन होगा। रोजगार करना सरल हो जाएगा। जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में भाजपा नेताओं पर हमले पर कहा कि इस बारे में बातचीत हुई है। पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।
बनारस से अपनेपन का अहसास कराकर अपनों को किया भावुक
कार्यक्रम में क्रेंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : amar ujala
दो दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह अपनों के बीच पहुंचकर अपनेपन का अहसास कराना नहीं भूले। उद्बोधन से लेकर बातचीत में उन्होंने खुद को बनारस से जोड़े रखा। गृह मंत्री ने बनारस की गलियों और यहां के लोगों के स्वभाव तक की चर्चा की। उन्होंने यहां तक कहा, 10 से 15 साल में मैं भी आप लोगों के बीच रहूंगा। चाहे जहां भी रहूं, अपनी जड़ों से जुड़ा रहूंगा।
बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल में अपनी बात की शुरुआत खुद को घर का मंत्री बताकर किया। इस दौरान बनारस की गलियों और 24 वर्ष तक बनारस में रहने का जिक्र कई बार किया। एमएसएमई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोले, आज केवल उद्योगों पर भी बात करूंगा, आप लोग पूछ सकते हैं कि गृह मंत्री के रुप में आपने क्या किया।
मगर मैं जानता हूं बनारस के लोग नहीं पूछेंगे। इसके बाद फियो की ओर आयोजित बातचीत सत्र में भी कई लोगों ने गृह मंत्री ने अपनापन जताया तो उन्होंने भी आगे बढ़कर उसे स्वीकार किया। यहां उन्होंने कहा, यहां सब घर के लोग हैं और चिंता मत कीजिए अगली बार भी हम लोग ही सरकार में आएंगे। कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री वहां मौजूद लोगों से आत्मीयता मिले और लोगों ने भी उनके साथ फोटो व सेल्फी ली।
सामंजस्य से सुलझाएंगे उद्यमियों की समस्या
फेडरेशन ऑफ इंडिया एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशन (फियो) की ओर से आयोजित बातचीत के सत्र में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सामने उद्यमियों ने समस्याएं रखीं तो उन्होंने कहा, मंत्रालयों से समन्वय कर इनका समाधान कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली आमंत्रित किया है। प्रतिनिधिमंडल की संबंधित मंत्री के सचिव के साथ बैठक कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत कर मंत्रालयों को निर्देश दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा, बनारस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है तो मेरा भी घर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चटपट फैसले लेते हैं। हमारी सरकार राजनीतिज्ञों के प्रति बनी धारणा को भी बदल रही है। विश्वसनीयता का संकट है। उसे भी समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा, आप लोगों ने अपनी बात कहने में देर की है मगर चिंता की बात नहीं है। आगे भी हम लोग ही सेवा में रहेंगे। यह बात देश ही अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी मान रही हैं।