सपा-कांग्रेस ने गठबंधन नहीं किया, बल्कि जनता को छलने का गठबंधन किया है। सपा ने प्रदेश में विकास किया है, तो किस मजबूरी में समझौता किया। कांग्रेस के युवराज ने खटिया पर सभा की। ऐसा पहली बार हुआ है कि एक नौजवान खटिया सभा करते देखा गया।
इसके बाद जब नौजवान ने देखा कि खटिया से कुछ नहीं होगा, तो उस साइकिल पर बैठ गया, जिसे मुलायम सिंह यादव ने पहले से ही पंक्चर कर दिया था। बची-खुची कसर शिवपाल ने चेन तोड़ कर पूरी कर दी। यह बात गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गाजीपुर जिले के जमानिया नगर के पांडेय मोड़ स्थित मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने बसपा पर कटाक्ष करते हुए कहा जो हाथी पीपल का पत्ता खाता था, उसे पैसा खिलाया जा रहा था, जिससे हाथी की सेहत खराब है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकार पिछले 15 साल से प्रदेश में है। लेकिन सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधा लोगों को नहीं दिला सकी।
अब तक चुनाव में भाजपा की लहर है और पूर्ण बहुमत से प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने जा रही है। ऐसे में आम जनता से अपील की कि वह बहकावे में न आएं। देश की सीमा सुरक्षा को लेकर कहा कि भारत ने कभी अपने सीमा का विस्तार करने के लिए किसी पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन अगर कोई छेड़ता है, तो फिर उसे भारत छोड़ता नहीं है।
भारत अब कमजोर नहीं है। भारत ताकतवर बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत कभी भी विस्तारवादी नहीं रहा। कहा कि कुछ माह पहले पाकिस्तान से कुछ आतंकवादी भारत में घुसे और हमारे 17 बहादुर जवानों की हत्या कर दी।
सरकार ने कठोर फैसला करते हुए निर्णय लिया कि इसका बदला लिया जाएगा और रणनीति तैयार कर पाकिस्तान में घुस कर हमारे जवानों ने आतंकवादियों को करारा जवाब दिया गया।