महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ रोड स्थित एक महाविद्यालय की बस से कुचलकर मंगलवार की सुबह राजगीर मिस्त्री की मौत हो गई। सिगरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कबीरचौरा स्थित मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके झोले से करनी व हथौड़ी मिली है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह राजगीर मिस्त्री था।
सिगरा थाना अंतर्गत काशी विद्यापीठ रोड स्थित एक महाविद्यालय है, सुबह के समय महाविद्यालय से बस निकलकर मुख्य मार्ग पर जा रही थी। उसी समय अधेड़ उम्र का एक राजगीर मिस्त्री बस की चपेट में आ गया। बस के पिछले पहिए से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मृतक के झोले से मिले करनी, बसुली, हथौड़ी को देख अंदाजा लगाया गया कि वह राजगीर मिस्त्री का काम करता था। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया, शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।