वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में हादसे के बाद भी व्यवस्थाएं नहीं सुधरी है। पिक एंड ड्राप एरिया में रेलिंग से सटकर दर्जनों वाहन सुबह से लेकर रात तक खड़े हो रहे हैं। रेलिंग से सटकर वाहन खड़े हो रहे हैं। स्टेशन के पार्सल घर से लगायत नए भवन तक यात्रियों की सुरक्षा के लिए इंजीनियरिंग विभाग की ओर से रेलिंग लगा दी गई है। इसके बाद सड़क पर पिक एंड ड्रॉप का नियम लागू होता है। इसके बावजूद चार पहिया वाहन से लगायत दो पहिया वाहन बेधड़क यहां खड़े हो रहे हैं। दावा कार्यालय के पास कुछ दिन पूर्व जीआरपी की ओर से वाहन न खड़ा करने का बोर्ड भी लगाया गया था, लेकिन अब वह बोर्ड भी गायब कर दिया गया है।
मालगोदाम रोड से लेकर नए भवन के सामने से बाहरी वाहन आवाजाही कर रहे हैं। मुख्य मार्ग पर जाम लगने के कारण छोटे व बड़े वाहन इसी मालगोदाम रोड से स्टेशन होकर आवाजाही कर रहे हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
प्रीपेड टैक्सी बूथ में बाइक, कार बाहर
स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में काफी अराजकता है। प्रीपेड टैक्सी बूथ में चार पहिया वाहन खड़े होने चाहिए। लेकिन पुलिसकर्मियों सहित अन्य बाहरी यात्रियों की बाइक-स्कूटी खड़ी हो रही है। अधिकतर कार बूथ के बाहर सड़क पर खड़े हो रहे हैं। यही कारण है कि 18 दिसंबर को बाहर अनियंत्रित कार ने रेलिंग तोड़ते हुए छह लोगों को रौंद दिया था। जबकि इसी क्षेत्र में जीआरपी का बूथ है और जवानों की तैनाती रहती है। बाइक व रिक्शा चालक भी रेलिंग तक खड़े हो जा रहे हैं।
कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रीपेड टैक्सी बूथ के अंदर ही चार पहिया वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है। हादसे के बाद से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था बरती जा रही है।-अशोक कुमार दुबे, जीआरपी इंस्पेक्टर।