वाराणसी। यात्रियाें की सुविधा के लिए लोहता रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के निर्माण का काम शनिवार से शुरू हो गया। शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने स्थानीय लोगों की कई वर्षों की मांग को पूरा करने के लिए सांसद चंदौली एवं केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र पांडेय का आभार जताया। करीब चार करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस फुटओवर ब्रिज का निर्माण एक वर्ष में पूरा होगा।
फुट ओवरब्रिज के शुभारंभ के मौके पर भाजपा के पदाधिकारी पहुंचे थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कई चुनावों में यहां के लोगों ने चुनाव प्रचार के दौरान चुनाव बहिष्कार कर अपना विरोध प्रकट कराया था, लेकिन स्थानीय नेता हेमंत सिंह ने हर बार लोगों को इस फुट ओवरब्रिज के बनने के लिए आश्वस्त किया था। अति व्यस्त इस रेल पथ पर ट्रेनों का आवागमन अधिक रहता है। लाइन पार करने में दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है। आज इस इस कार्य के शुभारंभ के साथ ही कुछ दिनों में लोगों को इस समस्या से निजात मिल जाएगी। जिला मीडिया प्रभारी श्रीनिकेतन मिश्र ने बताया कि 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से भारतीय रेल इस फुट ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है। इस मौके पर रामप्रकाश दुबे, हेमंत सिंह, सुनील सिंह, विनोद रस्तोगी, आरडी यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सोशल डिस्टेसिंग तार-तार, मास्क भी रहे गायब
कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के प्रयोग पर भले ही सरकार से लेकर प्रशासन तक सख्त रूख अपनाया है। मगर, शनिवार को लोहता स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में भाजपाइयों ने कोरोना प्रोटोकाल का खुलकर उल्लंघन किया। फोटो खींचाने से लेकर कार्यक्रम तक में सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह तार-तार रही। ज्यादातर चेहरों पर मास्क तक गायब थे। कुछ के पास गमछे तो थे, मगर वे लोग मुंह ढकने से परहेज कर रहे थे।