केंद्रीय संचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय संचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा है कि वाराणसी-मऊ रेलखंड पर लखनऊ के लिए 15 अगस्त तक नई ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन औड़िहार जंक्शन या मऊ से चलेगी। इसके अलावा वाराणसी से बलिया जाने वाली मेमू ट्रेन का एक फेरा और बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने यह घोषणा नवनिर्मित क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान और गाजीपुर सिटी स्टेशन पर बने वाशिंग पिट के उद्घाटन अवसर पर रविवार को की। उन्होंने कहा कि गाजीपुर से मऊ तक नई रेल लाइन के लिए दोनों जिलों के डीएम को जमीन अधिग्रहण के लिए धन उपलब्ध करा दिया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के पास अपना कोई प्रशिक्षण केंद्र नहीं था। इस ट्रेनिंग सेंटर के शुरू होने से काफी सहूलियत होगी। वाशिंग पिट पर कहा कि यह पूर्वोत्तर रेलवे की 13 वीं वाशिंग लाइन होगी जहां गाड़ियों की ठीक ढंग से साफ-सफाई की जाएगी। गाजीपुर अब बी-श्रेणी के स्टेशन में शुमार हो गया है।
कई गाड़ियां यहां से शुरू होती हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी की समस्या के बाद भी रेलवे ने यह काम समयावधि के भीतर पूरा किया जो सराहनीय है। असैनिक संगठन होने के बाद भी रेल कर्मचारी दिन-रात काम करते हैं। यही कारण है कि रेल की ताकत और प्रतिष्ठा बढ़ती जा रही है।
गाजीपुर से मऊ तक बिछेगी रेल लाइन
गाजीपुर से मऊ तक रेल लाइन जल्द ही बिछाई जाएगी। रेलवे ने इस वर्ष पूर्वी यूपी में 1.30 हजार करोड़ खर्च किया गया है और आगे 1.48 हजार करोड़ खर्च करने की योजना है। यह बात संचार-रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान और वाशिंग लाइन का उद्घाटन करने के बाद संस्थान के सभाकक्ष में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि गाड़ियों की लेट लतीफी को देश व्यापी समस्या है। ट्रैक रिन्यूवल और नई तकनीक के कारण कुछ समस्या हो रही थी। आने वाले कुछ दिनों में यह समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी।
संचार रेल राज्य मंत्री ने दी यात्रियों को सौगात
प्रशिक्षण संस्थान और वाशिंग पिट का किया उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बलिया से सुबह चलने वाली मेमू सवारी गाड़ी का फेरा बढ़ाया जाएगा। इस बात की घोषणा संचार एवं रेल राज्य मंत्री ने मनोज सिन्हा ने गाजीपुर सिटी स्टेशन पर बने वाशिंग पिट के उद्घाटन अवसर पर की। कहा कि मेमू लोकल ट्रेन वाराणसी सिटी पहुंच कर रुक जाती है। इसके बाद शाम को वापस आती है। अब उसका एक फेरा बढ़ा कर उसे दिन में वाराणसी सिटी से गाजीपुर सिटी तक चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रेन का फेरा बढ़ाये जाने से वाराणसी तक यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। कहा कि नवनिर्मित क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान और गाजीपुर सिटी स्टेशन पर बने वाशिंग पिट पर स्टेशन पर मिलने वाली हर सुविधा उपलब्ध है जिसके आधार पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आग्रह किया कि इस केंद्र पर बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए जिससे यहां से निकलने वाले अधिकारी अपने कार्य को निष्ठा के साथ करें। इस मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2003 में पूर्व मध्य रेलवे का ट्रेनिंग सेंटर मुजफ्फरपुर चला गया जिसके बाद प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने पर उन्होंने राज्यमंत्री श्री सिन्हा के प्रति आभार जताया।
रेलवे बोर्ड के यातायात सदस्य गिरीश पिल्लई ने कहा कि इस केंद्र पर प्रशिक्षण की सभी आधुनिक सुविधाएं हैं। यहां का वाशिंग पिट चार सौ मीटर का है जिसे और दो सौ मीटर तक बढ़ाया जाएगा। इन सुविधाओं के बाद यहां से और गाड़ियों को चलाने की संभावना बढ़ गई है।
सदर विधायक डा. संगीता बलवंत ने कहा कि यह जनपदवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। मुहम्मदाबाद की विधायक अलका राय ने कहा कि श्री सिन्हा जी की वजह से जिले के हर कोने में विकास की लहर दौड़ रही है। एमएलसी केदारनाथ सिंह ने कहा कि हर माह कहीं न कहीं शिलान्यास या शुभारंभ हो रहा है।
राज्य मंत्री ने दिव्यांग परिवार को दी ट्राईसाइकिल और छड़ी
निजी सहायक की जानकारी पर दिव्यांग परिवार के घर पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
अपने निजी सहायक से जानकारी होने पर रविवार को संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा गाजीपुर सदर ब्लॉक के रघुनाथपुर गांव निवासी एक दिव्यांग परिवार के घर पहुंचे। परिवार के लिए फावड़ा से खुदाई कर शौचालय निर्माण कार्य का शुभारंभ करने के साथ ही दिव्यांग को ट्राईसाइकिल और छड़ी उपलब्ध कराई।
राज्यमंत्री के निजी सहायक सिद्धार्थ राय ने उन्हें अवगत कराया था कि सदर ब्लॉक के रघुनाथपुर गांव में एक दिव्यांग परिवार है। परिवार का मुखिया राजदेव राम पैरों से दिव्यांग है। उसकी पत्नी तेजा देवी आंखों से देख नहीं सकती है। लड़का शिवकुमार बोल और सुन नहीं पाता है।
लड़के की पत्नी प्रमिला देवी एक पैर एवं एक हाथ से दिव्यांग है। यह परिवार दूसरे की मदद से अपना जीवन चला रहा है। शौचालय न होने से इन लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निजी सहायक से इस जानकारी के मिलने के बाद श्री सिन्हा ने इस परिवार से मिलने की इच्छा जाहिर की और रविवार को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद रघुनाथपुर गांव में दिव्यांग परिवार के घर पहुंचे।
दिव्यांग परिवार से बात कर इस बात का भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी किस्म की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दिव्यांग परिवार के लिए फावड़ा से खुदाई कर शौचालय निर्माण का कार्य शुरू कराया। इस अवसर पर दिव्यांग को ट्राईसाइकिल और छड़ी प्रदान की।
राज्यमंत्री श्री सिन्हा को अपने बीच पाते हुए दिव्यांग परिवार खुशी से फूला नहीं समा रहा था। दिव्यांग राजदेव ने श्री सिन्हा के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आपने इस परिवार के लिए जो किया, उसके लिए हम लोग सदा आपके आभारी रहेंगे। श्री सिन्हा ने परिवार को भरोसा दिलाया कि जब किसी चीज की जरूरत हो, वह बिना संकोच उनसे कह सकते हैं।