केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल शनिवार की दोपहर वाराणसी में रहेंगे। वह कोरोना से बचाव को लेकर उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे स्टेशनों पर किए गए इंतजाम का हाल भी जानेंगे। केंद्रीय मंत्री डीरेका, पूर्वोत्तर व उत्तर रेलवे के उच्चाधिकारियों संग बैठक कर कोरोना को लेकर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं।
बाबतपुर एयरपोर्ट से उतरने के बाद रेलमंत्री पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मारक स्थल जाएंगे और दोपहर में डीरेका में अधिकारियों संग बैठक करेंगे। शाम के समय नदेसर स्थित होटल में पूर्वोत्तर व उत्तर रेलवे के अधिकारियों संग बैठक करेंगे।
शुक्रवार की शाम डीआरएम संजय त्रिपाठी वाराणसी पहुंच गए। रेल मंत्री सहित उच्चाधिकारियों के आगमन को देखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियां मुकम्मल कर ली गई।