जौनपुर के सराय विक्रम गांव में बृहस्पतिवार की रात महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मायके वालों ने पति, सास, ससुर और ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सराय विक्रम गांव निवासी आशुतोष पांडेय की शादी 14 वर्ष पूर्व बरसठी थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव निवासी प्रेमशंकर की पुत्री ललिता (32) के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध हालात में ललिता की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर रात 10 बजे मायके वाले सराय विक्रम गांव पहुंचे और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ललिता के भतीजे हरिओम पांडेय ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पति आशुतोष, ससुर शीतला प्रसाद, सास गायत्री देवी, देवर ऋषिकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।