कृषि विभाग ने मंगलवार को उर्वरक के 59 दुकानों पर छापे मारकर उर्वरकों की जांच की। जांच के लिए 25 उर्वरकों के नमूने लिए। नौ दुकानों को नोटिस दिए गए। उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने, तय मूल्य पर बिक्री व गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारियों की टीम ने तीनों तहसीलों के साधन सहकारी समितियों, पीसीएफ विक्रय केंद्रों, इफ्को सेवा केंद्र, आईएफएफडीसी, औद्यानिक समिति एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के बिक्री केंद्रों पर छापे मारे। इस दौरान 59 बिक्री केंद्रों की जांच कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए 25 उर्वरक के नमूने ग्रहीत किए। उर्वरक का रखरखाव व्यवस्थित न होने, रेटबोर्ड न होने, प्रतिष्ठान बंद पाए जाने व अभिलेख अपूर्ण होने पर नौ प्रतिष्ठानों को नोटिस दिए।
डिहवां, मोहनसराय, मुर्दहां, शिवरामपुर, गोंसाईपुर, पचरांव, परानापट्टी, अजगरा, बेला को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि उर्वरक विक्रेता अपने दुकान पर स्पष्ट रेट बोर्ड लगाएं, मूल्य व सब्सिडी दर्ज करने, खतौनी अंगूठा लगवाकर उर्वरक देने आदि के निर्देश दिए। टीम में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रितेश बिन्दल, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-1 रोहित कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा शामिल रहे।