देश के सबसे बड़े 14000 करोड़ के बैंकिंग घोटाले की आंच वाराणसी तक पहुंच चुकी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शनिवार की शाम गीतांजलि ज्वैलर्स के राम कटोरा स्थित शोरूम पर छापेमारी शुरू की। प्रतिष्ठान में रखे एक-एक दस्तावेजों की गंभीरता से जांच की। गड़बड़ियां मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया।
घोटाले की सूचना पर ईडी के सहायक निदेशक सुरेश चंद्र सक्सेना के नेतृत्व में चार सदस्यीय दल रामकटोरा स्थित गीतांजलि ज्वैलर्स में पहुंची। प्रतिष्ठान में रखे एक-एक दस्तावेजों को गंभीरता से खंगाला। कंप्यूटर में फीड सभी डेटा की जांच की गई।
इसके अलावा ज्वैलरी, आभषूण से संबंधित दस्तावेज को टीम ने खंगाला। कार्रवाई के दौरान गीतांजलि शोरूम के चैनल में बाहर से ताला बंद कर दिया गया था। टीम अंदर बैठकर शोरूम संचालक से पूछताछ कर रही थी।
शोरूम संचालक पेशे से सीए है। सीए ने ही गीतांजलि ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी ले रखी है। शाम को ईडी की टीम देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान ईडी टीम के हाथ कई अहम दस्तावेज हाथ लगे।
सूत्रों की मानें तो लाखों के घोटाले की सूचना से इनकार नहीं किया जा सकता। गड़बड़ी की सूचना पर टीम ने यहां छापेमारी की। रात आठ बजे तक जांच की कार्रवाई की। इसके बाद शोरूम का शटर गिराकर ताला बंद कर दिया गया।