वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित बहेलिया टोला में अवैध पक्षी व्यापार के खिलाफ बुधवार को बड़ा अभियान चलाया गया। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 499 संरक्षित पक्षी बरामद किए गए। इनमें 174 भारतीय तोते और 325 लालमुनिया को रेस्क्यू किया गया। भारी फोर्स की मौजूदगी देखते ही अवैध कारोबार में लिप्त तस्कर पिंजरों समेत पक्षियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
बरामद सभी पक्षियों को सुरक्षित रूप से सारनाथ के डियर पार्क में रखा गया है, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें प्राकृतिक परिवेश में छोड़ा जाएगा। उप प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में फॉरेस्ट फोर्स के साथ आदमपुर थाने की पुलिस और पीएसी जवानों ने बहेलिया टोला में सघन छापेमारी की। दो घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर पिंजरों में कैद पक्षी मिले, जिन्हें तुरंत मुक्त कर सुरक्षित हिरासत में लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध खरीद-फरोख्त की शिकायतें मिल रही थीं। बरामद पक्षियों में शामिल भारतीय तोते और लालमुनिया वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजातियां हैं।
वर्जन
वाराणसी रेंज में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार तस्करों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। - बी. शिवशंकर, प्रभागीय वन अधिकारी