प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचीं तीन पहलवान
खेल विभाग और यूपी कुश्ती संघ के समन्वय से मुरादाबाद में प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता हुई। सेमीफाइनल जीतने वाली कर तीन पहलवानों ने फाइनल में प्रवेश किया। कोच गोरख यादव ने बताया कि बालिका फ्रीस्टाइल 40 किलो भारवर्ग में वैष्णवी पटेल, 46 किलो में नेहा पाल और 57 किलो में रिया यादव फाइनल में खेलेंगी।
वाराणसी ने एक बीएलडब्ल्यू ने जीते दो मुकाबले
मेहरबान सिंह का पुरवा स्थित सीएचएस एजुकेशन सेंटर गुरुकुलम स्कूल में 63वीं सीनियर उत्तर प्रदेश पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को 14 मुकाबले खेले गए। तीसरे मैच में यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद ने वाराणसी को 60-59 के अंतर से मात दी। चौथे मैच में रोहित के 13 अंक के दम पर बीएलडब्ल्यू ने शामली को 53-39 के अंतर से हराया। 10वें मैच में बीएलडब्ल्यू ने सीतापुर को 73-32 के बड़े अंतर से मात दी, जीत में अक्षय ने 24 अंक अर्जित किए।
क्रिकेट में सिल्वर ग्रोव ने मारी बाजी
जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में स्काई एकादश फूलपुर और सिल्वर ग्रोव स्कूल की क्रिकेट टीम के बीच मैच खेला गया। सिल्वर ग्रोव की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए
जवाब में स्काई एकादश फूलपुर की टीम 19 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सरोज राय ने निखिल को दिया।
दिल्ली में कराटे प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
ठेले पर पिता की मदद करने वाले अनंत ने कराटे में जीता स्वर्ण
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में यूथ लीग मुकाबले में मानव एकेडमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण समेत कुल छह पदक जीते। कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन की ओर से मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के 32 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें अनंत गुप्ता ने भी गोल्ड जीता है। किसलय मानव ने बताया कि 9 साल के अनंत के पिता ठेला लगाते हैं। पढ़ाई और खेल से समय निकालकर अनंत पिता के साथ काम में हाथ बंटाते हैं।
पिछली 4 प्रतियोगिताओं में वह स्वर्ण जीत चुके हैं। अनंत ने कुमिते में स्वर्ण और काता में रजत पदक जीता। अमन प्रताप राणा, विराट गुप्ता ने भी कुमिते में स्वर्ण पदक जीता। जबकि पार्थ उपाध्याय और आकृति सिंह ने कांस्य पदक जीता। संस्था के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो, श्वेत प्रकाश यादव, आयुष मौर्या, प्रीति कुशवाहा, ज्योति सिंह ने खुशी का इजहार किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
एथलेटिक्स में बेटियों ने जीते 24 पदक
गोरखपुर में खेली गई प्रादेशिक महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी की बेटियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों ने 24 पदक जीताकर वाराणसी को ओवरऑल चैंपियन बनाया। कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि वाराणसी की टीम ने नौ स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य पदक जीते। नंदनी राजभर को दोहरी सफलता मिली है।
सौ और चार सौ मीटर बाधा दौड़ में प्रियंका सरोज, दो सौ और आठ सौ मीटर में नंदनी, 15 सौ मीटर में अल्का बींद, आठ सौ मीटर दौड़ में संध्या यादव, चार सौ मीटर बाधा दौड़ में आर्या रजत, चार गुण चार सौ मीटर रिले रेस में स्वर्ण, लॉग जंप में रीना कन्नौजिया रजत, प्रतिभा राय कांस्य, सौ मीटर में प्रिया राय ने कांस्य, शिवानी यादव ने शॉटपुट में रजत पदक, सौ मीटर दौड़ में कीर्ति यादव, ऊंची कूद में आयुषी यादव, तीन हजार मीटर दौड़ में अलका बिंद जबकि लंबी कूद में रीना ने रजत पदक जीता है।
म्यूजिकल चेयर के विजेता बने डॉ. प्रवीण
राजघाट के वसंत महिला महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का शुभारंभ प्राचार्या प्रो. अलका सिंह ने किया। प्रो. अलका सिंह ने बाल इन बास्केट और म्यूजिकल चेयर के विजेता शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रवीण कुमार बने। मुख्य अतिथि पुरातन छात्रा 1962-63 बैच की विनिता श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया।
अश्विनी के चौके से चंद्रप्रभा क्रिकेट टीम जीती
सेवापुरी टी-10 चैंपियंस लीग में राष्ट्रवीर बाबू निहाला सिंह स्टेडियम में सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर चंद्रप्रभा की टीम ने क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। अंतिम ओवर में चंद्रप्रभा इंटर कॉलेज के आठवें नंबर के बल्लेबाज अश्विनी ने अंतिम गेंद पर चौका जड़कर टीम को फाइनल में पहुंचाया। पहले बल्लेबाजी कर युगल बिहारी इंटर कॉलेज की पूरी टीम 10 ओवर में 68 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंद्रप्रभा इंटर कॉलेज की टीम को भी रन बनाने में काफी संघर्ष करना पड़ा। मैच आखिरी ओवर तक खिंच गया।
सर्किट हाउस से शुरू होगी सीनियर सिटिजन मैराथन
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के सीनियर सिटिजन मैराथन प्रतियोगिता में 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। यह प्रतियोगिता सर्किट हाउस से शुरू होकर भेजूबीर, सदर तहसील, अतुलानंद स्कूल, शिवपुर चुंगी, सेंट्रल जेल, जेपी मेहता, अंबेडकर चौराहा, गोलघर होते हुए सर्किट हाउस पहुंचकर खत्म होगी।
सब जूनियन बालिका हाॅकी टीम ट्राॅफी के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
हॉकी : सात दिन तक चले मुकाबले में 35 गोल
हॉकी वाराणसी की जिलास्तरीय प्रतियोगिता में फाइनल में यूथ क्लब की टीम ने रॉयल क्लब को दो गोल से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। यूथ क्लब ने तीन और रॉयल क्लब ने एक गोल किया। सात दिन तक चले मुकाबले में तनु यादव ने सर्वाधिक सात गोल जबकि प्रतियोगिता में कुल 35 गोल हुए।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में यूथ क्लब की टीम ने शुरू से पकड़ बनाए रखी। पहला गोल 12वें मिनट में अंशिका ने किया और यूथ क्लब को 1-0 से आगे कर दिया। आठ मिनट बाद तनु यादव ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ के 35वें मिनट में रॉयल क्लब की अंजली ने गोल कर हार का अंतर 1-2 किया। दो मिनट बाद ही यूथ क्लब की तनु ने अंशिका के तेज पास पर गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया। तनु सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं। उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम अहमद ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर इदरीस मौजूद रहे।
विद्यापीठ ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय को हराया
पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम को एक हार और एक जीत मिली। पहले मैच में संबलपुर की टीम ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम को 2-0 से हरा दिया। विद्यापीठ ने इस हार का बदला पूर्वांचल विवि की टीम से लिया। टीम ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की टीम को 2-0 से हरा दिया। विद्यापीठ की तरफ से गोविंद और सुजीत ने एक-एक गोल किया। कोच सतीश नारायण सिंह ने बताया कि विद्यापीठ की टीम का मुकाबला भुवनेश्वर की टीम से होगा।
प्रमाण पत्र के साथ शतरंज के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
काशी सांसद : विकास इंटर कॉलेज चैंपियन
काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में विकास इंटर कॉलेज चैंपियन बना। वहीं, जिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में बालक वर्ग की अंडर 14 व 18 का खिताब भी जीता। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में अंडर-14 आयु वर्ग में विकास इंटर कॉलेज ने एसएस पब्लिक स्कूल बाबतपुर को 8-6 गोल से हराया।
अंडर-18 आयु वर्ग में विकास इंटर कॉलेज ने लालपुर स्टेडियम को 9-7 गोल से शिकस्त दी। बालिका वर्ग की जिला हैंडबॉल चैंपियनशिप अंडर-14 और 18 आयु वर्ग की प्रतियोगिता रविवार को होगी। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सिगरा में ताइक्वांडो के बालक-बालिका के वर्ग का प्रतियोगिता हुई।
बालिका वर्ग में सात खिलाड़ियों ने गोल्ड, सात ने सिल्वर और दो ने कांस्य जीता। बालक वर्ग में आठ खिलाड़ियों ने गोल्ड, सात ने सिल्वर और दो ने कांस्य पदक जीता। मुख्य अतिथि मंत्री रविंद्र जायसवाल ने विजेताओं को सम्मानित किया। गुरुनानक इंग्लिश स्कूल में हुई शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-11 में 170 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सिगरा में 24 से 26 नवंबर तक होने वाली जिला स्तरीय एथलेटिक्स और खो-खो प्रतियोगिता अब डॉ. भीमराव आंबेडकर कीड़ा संकुल लालपुर में 25 से 26 नवंबर को होगी। जनपद स्तर पर हॉकी लालपुर में 26 से 28 नवंबर तक होगी। वहीं, काशी सांसद खेलकूद के अंतर्गत तीरंदाजी की प्रतियोगिता की तिथियों में बदलाव किया गया है। सीडीओ हिमांशु नागपाल के मुताबिक प्रतियोगिता महालक्ष्य एकेडमी उमरहा में 27 नवंबर को होगी।