प्रयागराज में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद रविवार देररात वाराणसी आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। नदेसर स्थित होटल में रात्रि विश्राम के बाद वह सुबह एयरपोर्ट पहुंचे और कांग्रेसी नेताओं से मिले। उन्होंने नेताओं, कार्यकर्ताओं को अन्याय के विरुद्ध लड़ाई जारी रखने का मंत्र देते हुए इस दिशा में काम करते रहने की बात कही।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत अंगवस्त्र और रुद्राक्ष की माला भेंटकर किया। पूर्व विधायक अजय राय रविवार रात ही प्रियंका गांधी के बुलावे पर लखनऊ चले गए। राघवेंद्र चौबे ने बताया कि बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि अन्याय के विरुद्ध लड़ते रहिए संघर्ष जारी रखिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक अजय राय का हाल-चाल भी पूछा। राहुल गांधी ने काशी की जनसमस्याओं के बारे में भी नेताओं से चर्चा की। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, कमलेश ओझा, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, मनीष चौबे, खगोलन राय, रंजीत तिवारी, ऋ षभ पांडेय, नृपेंद्र सिंह, रोहित दुबे आदि मौजूद रहे।