वाराणसी। यूपी बोर्ड की परीक्षा 24 फरवरी से है। बृहस्पतिवार को जिले के सभी 125 केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों को चार अलग-अलग अलमारी में रखा गया है। तीन लेयर की सुरक्षा प्रणाली के तहत निगरानी की जा रही है। पहली अलमारी में पहली पाली का और दूसरी अलमारी में दूसरी पाली के प्रश्नपत्रों को रखा जाएगा। तीसरी अलमारी खाली रहेगी, जिसमें परीक्षा के बाद बचे हुए प्रश्न पत्रों और बाइंडिंग स्लिप रखे जाएंगे। चौथी अलमारी में अतिरिक्त प्रश्न पत्र रखे गए हैं। पहले लेयर में अलमारी को दो तालों से लाॅक किया गया। दूसरे लेयर की निगरानी के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तीसरे लेयर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में 94 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रवेशपत्र का वितरण विद्यालयों की ओर से किया जा रहा है।
विज्ञापन
अतिरिक्त प्रश्नपत्रों की सुरक्षा अतिरिक्त प्रश्नपत्रों को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं। हाईस्कूल के प्रश्नपत्र वाले बॉक्स पर हरे रंग का क्रॉस बॉर्डर होगा, जबकि इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र के बॉक्स पर नीले रंग का क्रॉस बॉर्डर होगा। दो तालों में से एक चाबी केंद्र के व्यवस्थापक के पास रखी गई है, जबकि दूसरी थाने के थानेदार के पास। पेपर लीक होने पर परीक्षा रद्द करने के बजाए माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव से अनुमति के बाद चौथी अलमारी को खोलकर अतिरिक्त प्रश्नपत्रों से परीक्षा कराई जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और निगरानी के लिए टीमें गठित की गई हैं। साथ ही महाकुंभ के पलट प्रवाह की भीड़ को देख यातायात की बेहतर व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने ऑनलाइन बैठक की है। आयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी में परीक्षा कराने को लेकर सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था पर चर्चा हुई। पहली पेपर लीक जैसी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त प्रश्नपत्र की व्यवस्था भी की गई है। - साहब सिंह यादव, उप सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद