यूपी बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर 10वीं व 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र क्षेत्रीय कार्यालय में आ गए हैं। वाराणसी समेत आजमगढ़, मिर्जापुर और फैजाबाद मंडल के 14 जिलों को यहां से 24 जनवरी को प्रवेश पत्र भेजे जाएंगे। फिलहाल अभी जिलेवार प्रवेश पत्रों के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। संभावना है कि 25 जनवरी से जिला विद्यालय निरीक्षकों की ओर से विद्यालयों को प्रवेश पत्र भेज दिए जाएं।
इस बार प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी के नाम, फोटो के साथ उनके माता-पिता का नाम, विषय, टाइम टेबल, परीक्षा के माध्यम के साथ ही क्यूआर कोड भी अंकित है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर परीक्षार्थी का पूरा ब्योरा सामने होगा।
परीक्षार्थी किस विद्यालय से है, उसके परीक्षा केंद्र के साथ उसके विषय की जानकारी हो जाएगी। परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर इस क्यूआर कोड की मदद ली जा सकेगी।
इससे किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वालों पर भी लगाम लगाई जा सकेगी। सभी प्रवेश पत्र ऑनलाइन भी अपलोड किए गए हैं। जिस किसी के प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं होगी, उसे प्रवेश पत्र पर फोटो लगाकर विद्यालय के प्रधानाचार्य से अटेस्ट कराना होगा।