रायपुर थाना क्षेत्र के नगपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर बिजली गिरने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। गांव निवासी अभिलाख (55) शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर छप्पर में अपने पुत्र धनंजय (35) के साथ उड़द की तोड़ाई कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक तेज आवाज के साथ बिजली छप्पर पर गिर पड़ी। उसकी चपेट में आने से पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन दोनों को वैनी स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र जनपद के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पकरहट गांव में शुक्रवार को खेत में धान की नर्सरी डालने के दौरान बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। पकरहट गांव निवासी वीरभद्र यादव का पुत्र राजू यादव (30) अपने खेत में धान की नर्सरी डाल रहा था। इसी बीच अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राजू को तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं।
तेज गरज के साथ क्षेत्र में हो रही बरसात के दौरान शुक्रवार की देर शाम बिजली गिरने से हाथीनाला थाना परिसर में लगे सोलर प्लांट के कई उपकरण जल गए। थाना प्रभारी सूर्यभान ने बताया कि सोलर प्लांट के केबिल समेत कई उपकरणों के जलने से सोलर प्लांट बंद हो गया है। इससे परिसर में पूरा अंधेरा छा गया है। बरसात में बिजली की आंख मिचौली से बिजली अक्सर गायब रहती है।
पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से बृहस्पतिवार आधी रात बाद जोरदार बारिश के साथ बिजली गिरी। मधुबन नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 पांती गली में दीपक कुमार का पक्का मकान बिजली से धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय दीपक अपनी पत्नी वैभवकांति के साथ मकान के बगल में बने कटरेन शेड में सो रहे थे। मकान गिरने से लाखों की गृहस्थी दबकर नष्ट हो गई।
वहीं मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर में बृहस्पतिवार की रात बिजली गिरने से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। वलीदपुर मुहल्ला उत्तर का पूरा निवासी सिराजुलहक अंसारी के मकान पर बिजली गिरने से दीवार तथा छत क्षतिग्रस्त हो गई है।
वाराणसी में मौसम में बदलाव का दौर जारी है। उमस और बादलों ने शुक्रवार को भी लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बादलों की सक्रियता का अनुमान जारी किया है। वातावरण में नमी और उमस के कारण सुबह से ही लोग परेशान रहे। दोपहर बाद हुई बरसात से लोगों को उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली।
चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार छह मिमी बरसात दर्ज की गई है। आर्द्रता अधिकतम और न्यूनतम 81 फीसदी दर्ज की गई।