कानपुर के रूमा स्टेशन पर नई दिल्ली जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद हावड़ा नई दिल्ली रेल रूट पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा नई दिल्ली जाने वाली राजधानी ट्रेन प्रभावित हुई है।
विज्ञापन
दुर्घटना के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भुनेश्वर राजधानी, सियालदह राजधानी और कोलकाता राजधानी 4 घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। नई दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों को लखनऊ होकर भेजा जा रहा है। प्रभावित राजधानी ट्रेनों को भी लखनऊ के जरिए दिल्ली भेजा गया है। वहीं दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर लैंडलाइन 05412-252232 और रेलवे नंबर 12303 हैं। वहीं, अपने गंतव्य को जाने के लिए दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचे यात्रियों को उनके ट्रेनों के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। जिससे वे परेशान हो रहे हैं और ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ इकट्ठा होती जा रही है।
विज्ञापन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के डायरेक्टर हिमांशु शुक्ल ने बताया की रात 12:50 बजे रूमा स्टेशन पर पूर्वा एक्सप्रेस 12303 के 12 कोच डीरेल हो गए। जिसके बाद मुगलसराय प्रभाग के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर एहतियातन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए।
आरपीएफ स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है। किसी को कोई समस्या ना हो इसलिए सभी स्टाफ को तैनात कर दिया गया है। जब तक वहां पर ट्रेन की पोजीशन फिटनेस में नहीं आ जाती है, तब तक सारी गाड़ियां लखनऊ रूट से ही चलाई जाएंगी।
राजधानी समेत कई ट्रेनों का बदला रूट
कानपुर स्टेशन के पास पूर्वा एक्सप्रेस के शुक्रवार की रात दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से गुजरने वाली ट्रेनों का रूट बदल दिया गया। राजधानी सहित दर्जनभर अप और डाउन की ट्रेनों को वाराणसी और लखनऊ के रास्ते चलाया गया।