पिंडरा। हमीरापुर गांव में खाद्यान्न न मिलने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे एसडीएम पिंडरा से बहस करने वाले तीन लोगों को हिरासत में लेने से भड़के कुछ लोगों ने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) पर पथराव करने के साथ ही पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। फूलपुर थाने की पुलिस प्रकरण से जुड़े आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक युवक ने एसडीएम पिंडरा को बुधवार को फोन किया कि हमीरापुर गांव के कोटेदार द्वारा राशन नहीं दिया जा रहा है। इस पर वह स्वयं पीआरवी संग मौके पर पहुंचे और गांव वालों से राशन न मिलने की शिकायत सुन रहे थे। तभी कुछ लोग रोजगार न मिलने और मनरेगा मजदूरों के खाते में एक हजार रुपये न आने समेत कई अन्य समस्याएं लेकर आक्रोश व्यक्त करने लगे। एसडीएम पिंडरा ने कहा कि आज केवल राशन की समस्या को लेकर बात होगी। किसी को यदि इससे संबंधित समस्या हो तो वह बताए। इसी बीच समस्याएं सुनाने वाले कुछ लोग अन्य मुद्दे उठाने लगे और एसडीएम पिंडरा से बहस करने लगे। एसडीएम पिंडरा ने तीन लोगों को पकड़वा कर पीआरवी के पुलिसकर्मियों से फूलपुर थाने भेजवा दिया। पीआरवी गांव से कुछ दूर नहर के पास पहुंची तभी लोग उसे घेर कर हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ाने के लिए पथराव करने के साथ ही पुलिसकर्मियों से गालीगलौज और हाथापाई करने लगे। गांव में मौजूद एसडीएम पिंडरा की सूचना पर जब पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो लोग भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने गांव में भ्रमण किया लेकिन कोई हत्थे नही चढ़ा। फूलपुर इंस्पेक्टर सनवर अली के अनुसार लेखपाल वीरेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर बनारसी राम, रंजीत कुमार, अजीत कुमार, राजेश, वंशराज, शैलेश, उषा देवी, रेखा देवी, लालचन्द्र, संजीव, शानू सिंह और दो दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।