जौनपुर। प्रमुख सचिव एवं आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग और जिले के नोडल अधिकारी के. रवींद्र नायक ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार की देर शाम सभी बीडीओ और अन्य अधिकारियों के साथ संचारी रोग अभियान की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में अभियान को तेज करने का निर्देश दिया। प्रवासी मजदूरों के जॉब कार्ड बनवाने में अवरोध पैदा करने वाले प्रधानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग अभियान के तहत सभी गांव में नियमित रूप से सफाई कराया जाए। जहां जलभराव हो, वहां एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाए। घर-घर क्लोरीन की गोलियां वितरित करें। अगर किसी को डायरिया या अन्य कोई समस्या हो तो उसकी तत्काल सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें। उन्होंने कहा कि सभी बीडीओ सीएचसी से प्रत्येक दिन डायरिया के मरीजों की रिपोर्ट प्राप्त करेंगे। डीपीआरओ को एक हफ्ते में इस बात का प्रमाण पत्र सीडीओ को देने का निर्देश दिया कि सभी गांव की नालियां साफ हो चुकी हैं। कम से कम एक-एक सफाईकर्मी प्रत्येक गांव में जरूर तैनात करें। सफाईकर्मी नियमित रूप से गांव की सफाई करें। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्यवाई करें। एक्सईएन जल निगम को निर्देश दिया कि जहां आर्सेनिक अथवा क्लोराइड की कमी पानी में हो ऐसे स्थानों को चिह्नित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ऐसे गांवों में आरओ प्लांट लगाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ अनुपम शुक्ला, डीसी मनरेगा भूपेंद्र सिंह, पीडी अरविंद सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, डीएसटीओ आरडी यादव सहित सभी बीडीओ उपस्थित रहे।
सड़क के किनारे कूड़ा मिलने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मापुर। नोडल अधिकारी के. रविंद्र नायक ने रविवार को धर्मापुर ब्लाक के गजना, पहेतिया और सरैया ग्राम पंचायत में संचारी रोग अभियान के तहत सफाई कार्य का निरीक्षण किया। गजना में सड़क किनारे कूड़ा फेंका मिला। इसे 24 घंटे में साफ कराने का निर्देश दिया। कहा कि सफाई के बाद फोटो भी हमें प्रेषित की जाए। 24 घंटे के अंदर सफाई न होने पर सचिव बाबूलाल, सफाई कर्मी धीरज और अच्छेलाल के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश सीडीओ को दिए। पहेतिया में नालियों में घास और गांव में मुकम्मल सफाई नहीं मिलने पर नोडल अधिकारी ने सख्त नाराजगी जताई। बीडीओ धर्मापुर शकुंतला देवी को नालियों की सफाई कराने और घास कटवाने के निर्देश दिए। सरैया में प्राथमिक विद्यालय बच्चों के खेलने का स्थान नहीं होने पर ग्राम प्रधान जयप्रकाश को खेल मैदान बनवाने को कहा। गांव में रिखई मौर्या के घर के सामने जिला पंचायत की ओर से बनाई गई सड़क पर जलभराव मिलने पर सीडीओ को जिला पंचायत से सड़क के किनारे नाली बनवाने के निर्देश दिए।