वाराणसी। भारत बंद के समर्थन में मंगलवार की सुबह कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करने वाले समाजवादी पार्टी के सात नेताओं को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कैंट थाने की पुलिस के अनुसार सभी को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का अनुरोध किया जाएगा।
इंस्पेक्टर कैंट राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सपाइयों में दीपचंद गुप्ता, राजू यादव, विकास यादव उर्फ बच्चा, शुभम यादव, तनुज, संदीप यादव और सनी वर्मा शामिल है। यह सभी भारत बंद के समर्थन के क्रम में कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ताला बंद कर प्रदर्शन कर रहे थे। सभी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, इस घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों ने कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ड्रोन से की निगरानी, आला अफसर रहे सड़क पर
वाराणसी। कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर सुबह से ही दंगा नियंत्रक उपकरणों से लैस होकर पुलिस सड़कों पर थी। इस बीच सुबह से दोपहर बाद तक एसपी ग्रामीण एमपी सिंह, एसपी सिटी वीसी त्रिपाठी, एसएसपी अमित पाठक और आईजी रेंज विजय सिंह मीना फोर्स के साथ शहर में गश्त करते रहे। पुलिस ने जैतपुरा, आदमपुर और कोतवाली क्षेत्र की घनी बस्ती वाले संकरे इलाकों में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की।
...और दर्द से कराह रही युवती को महिला सिपाही लेकर गई अस्पताल
वाराणसी। भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर मंगलवार को लंका स्थित मालवीय चौराहे पर आरक्षी दीपिका पटेल गोद में अपने बेटे को लेकर ड्यूटी कर रहीं थीं। इसी दौरान 24 वर्षीय एक युवती आकर पुलिस के वाहन के पास आकर खड़ी हुई। युवती ने सीने में दर्द होने का इशारा किया। दीपिका ने युवती को कराहते हुए देखा तो उसके पास गई और उसे रिक्शे में बैठाकर उसे बीएचयू अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में ले गई। युवती के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचित किया। दीपिका के इस नेक काम की मालवीय चौराहे के इर्दगिर्द मौजूद लोगों ने खासी तारीफ की। इसके साथ ही दीपिका की मदद की फोटो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर भी खासी वायरल हुई।
बिजली कर्मचारी ने प्रदर्शन कर की सभा
वाराणसी। किसानों के समर्थन में उत्तर प्रदेश विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से भिखारीपुर स्थित कार्यालय में प्रदर्शन कर सभा की। इसमें कृषि कानून वापस लेने और इलेक्ट्रिसिटी (अमेंडमेंट) बिल की वापसी की मांग की। बिजली वितरण के निजीकरण के उद्देश्य के लिए जारी स्टैंडर्ड बिडिंग डॉक्युमेंट लाए गए हैं। ऐसे में सब्सिडी समाप्त हो जाने पर बिजली की दरें 10 से 12 रूपए प्रति यूनिट हो जाएगी। प्रदर्शन में चंद्रशेखर चौरसिया, संजय भारती, जगदीश पटेल, जीउत लाल, राजेन्द्र सिंह, एके श्रीवास्तव, मायाशंकर तिवारी आदि शामिल रहे।
फोटो
कैरेज एंड वैगन डिपो मंडुवाडीह में प्रदर्शन
वाराणसी। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने भारत बंद का समर्थन किया। वाराणसी मंडल के अध्यक्ष एनबी सिंह ने कहा कि अभी तो सिर्फ समर्थन दिया जा रहा है, लेकिन जरूरत पड़ी तो रेल का चक्का भी रोका जाएगा। प्रदर्शन में राणा राकेश रंजन, राजकुमार सिंह, मुन्ना लाल यादव, फौजदार यादव, अरविंद यादव, कफील अहमद, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।