यूपी के गाजीपुर जिले के ब्राह्मणपुरा गांव में शनिवार की सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने पत्रकार तथा आरएसएस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि छोटे भाई को घायल कर दिया। पुलिस के समय से न पहुंचने के विरोध और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने गाजीपुर-चोचकपुर मार्ग एक घंटे जाम कर दिया। शव के साथ आए लोगों ने जिला अस्पताल के दुकानदारों की पिटाई कर दुकानें बंद करा दीं, कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए।
व्यापारियों ने भी एक उपद्रवी की पिटाई कर घायल कर दिया। दोपहर बाद पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी समेत अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर जानकारी ली। पीड़ित परिवार की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। एडीजी जोन, बी महापात्रा ने कहा कि व्यक्तिगत रंजिश और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और पूरे प्रकरण पर पुलिस की नजर है। कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
ब्राह्मणपुरा निवासी आरएसएस कार्यकर्ता तथा एक हिंदी दैनिक से जुड़े राजेश कुमार मिश्र (40) भाई छोटे भाई अमितेश मिश्र (30) के साथ शनिवार की सुबह ब्राह्मणपुरा स्थित अपनी बालू-सीमेंट की दूकान के बाहर बैठकर मोबाइल फोन में कुछ देख रहे थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक से तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक चला रहे बदमाश ने मुंह पर गमछा बांध रखा था। दो बदमाश सीधे राजेश के पास पहुंचे और दोनों हाथों में पिस्टल लिए एक बदमाश ने राजेश पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस पर अमितेश चिल्लाते हुए बदमाशों पर पत्थर फेंकने लगा।
तब बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, किंतु बदमाश फरार हो गए। लोग दोनों भाइयों को लेकर जिला अस्पताल भागे, लेकिन, राजेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि अमितेश को डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। इससे नाराज लोगों ने वहां उपद्रव शुरू कर दिया। हॉस्पिटल रोड पर ई-रिक्शा और टेंपो चालकों की पिटाई करने लगे कुछ वाहनों को पलट भी दिया। दुकानदारों की भी पिटाई की।
उपद्रवी मिश्र बाजार में दूकानें बंद कराने लगे तो व्यापारी उनसे भिड़ गए और मृतक के चचेरे भाई बृजेश मिश्र (35) को मारपीट कर जख्मी कर दिया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद लोगों ने गाजीपुर-चोचकपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। एसपी के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
आईजी दीपक रतन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिवार वालों से बात की। आईजी ने टीमें बनाकर तत्काल कार्रवाई करने का एसपी को निर्देश दिया। मामले में बी महापात्रा एडीजी जोन, वाराणसी ने कहा कि व्यक्तिगत रंजिश और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और पूरे प्रकरण पर पुलिस की नजर है। कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
एसपी गाजीपुर को निर्देशित किया गया है कि वारदात के सही कारणों की जानकारी कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। गाजीपुर के एसपी ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। इससे अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। हत्याकांड का 72 घंटे के अंदर खुलासा किया जाएगा। इसके लिए पांच टीमें बनाई गई हैं।