वाराणसी के अखरी निवासी जमीन कारोबारी एनडी तिवारी हत्याकांड में आरोपी राजन सिंह समेत पांच आरोपियों पर गुरुवार को रोहनिया थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गैंग लीडर राजेंद्र सिंह उर्फ राजन समेत अन्य आरोपियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई पुलिस जल्द करेगी। पुलिस ने इनकी संपत्तियों का ब्यौरा जुटाना शुरू कर दिया है।
पांच अप्रैल की रात शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर से दर्शन कर घर लौटते समय जमीन कारोबारी नारायण दत्त तिवारी उर्फ एनडी तिवारी की कुरहुआ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वर्चस्व, आपसी रंजिश व विवादित प्रापर्टी को लेकर दो लाख इनामी अपराधी मनीष सिंह सोनू ने वारदात को अंजाम दिया था।
अक्तूबर में गिरफ्तार हुए आरोपी
दर्ज मुकदमे के विवेचना के दौरान मिर्जापुर चुनार के कुसहा निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ राजन, अखरी निवासी देवेंद्र सिंह और रमाशंकर सिंह उर्फ रिंकू, भुवालपुर के रहने वाले आयुष शर्मा उर्फ आशु, जंसा के कुंडरिया निवासी हेमंत सिंह को पुलिस ने आठ अक्तूबर को गिरफ्तार किया था।